सुलतानपुर : छात्र-छात्राओं ने किया रोड जाम, पुलिस पर पथराव
सुलतानपुर, अमृत विचार। श्री रामदेव पांडेय इंटर कॉलेज सरैया मुस्तफाबाद कादीपुर में हुए बवाल के बाद जेल भेजे गए शिक्षक सतीश कुमार मिश्र की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को सैकड़ों छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए और प्रशासन व प्रिंसिपल विरोधी नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे सीओ, एसडीएम व कोतवाल का मान मनौव्वल ठुकरा दिया। पुलिस की सख्ती बढ़ी तो छात्र-छात्राएं उग्र हो गए और पथराव कर दिया। जिसमें पुलिस के वाहन का शीशा टूट गया और एसडीएम का वाहन चालक चोटिल हो गया। कुछ विद्यार्थियों को वाहन पर बैठाकर पुलिस थाने ले आई तो सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं कादीपुर कस्बे की तरफ कूच कर दिए हैं।
शिक्षक की गिरफ्तारी के विरोध में विद्यालय के छात्र छात्राओं ने स्कूल गेट के सामने व नहर की पुलिया पर कादीपुर दोस्तपुर मार्ग पर करीब साढ़े चार बजे जाम लगा दिया। लगभग दो घंटे जाम चलने के बाद छह बजे सीओ शिवम मिश्र, एसडीएम महेंद्र श्रीवास्तव व कोतवाल ने समझाया बुझाया, लेकिन छात्र अध्यापक को तत्काल रिहा करने की जिद पर अड़ गए। दो-तीन छात्रों को पुलिस के पकड़ते ही छात्र छात्राएं आक्रोशित हो गईं। ईंट, पत्थर व डंडा फेंकने लगे। जिसमें पुलिस की गाड़ी का शीशा टूट गया। एसडीएम के चालक रमाशंकर यादव के हाथ में चोट लग गई। उसके बाद पुलिस ने सख्ती बरती और डंडा लेकर दौड़ा लिया। कुछ उपद्रवी बच्चों को गाड़ी में बैठा लिया। जिसके बाद छात्र-छात्राएं उग्र हो गए। सैकड़ों की संख्या में कोतवाली की तरफ छात्र-छात्राएं रवाना हुए हैं। यहां करीब तीन घंटें तक मौके पर छात्र छात्राओं ने पुलिस प्रशासन और प्रिंसिपल विरोधी नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें : प्रयागराज : अधिवक्ताओं की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग
