Ayodhya rain : फसलों को संजीवनी, शहर में जलभराव

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

सात सितंबर को सात तो आठ को हुई पांच मिलीमीटर बारिश

अयोध्या, अमृत विचार। गुरुवार से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी रुक-रुक कर जारी रही। लगातार बारिश से जहां फसलों को संजीवनी मिली वहीं शहरी क्षेत्र में जलभराव ने जीना दूभर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार सात सितम्बर को सात और आठ को पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

बारिश के कारण एक बार फिर निमार्णाधीन रामपथ पर बुरी दशा हो गई। तेरह किलोमीटर तक बनने वाले रामपथ पर कीचड़ से लोगों का चलना दुश्वार है। पखवारे भर से उमस भरी गर्मी को लेकर बारिश की आस लगाए लोगों को गुरुवार को राहत मिली। बुधवार देर रात हल्की बारिश शुरू हुई जो सुबह थम गई। इसके बाद दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश देर शाम तक जारी रही। शुक्रवार को भी सुबह धूप खिली लेकिन दोपहर 11 बजे फिर आसमान पर छाए बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। हालांकि बीच-बीच में धूप खिलती रही जिसने उमस से लोगों को बेहाल किए रखा। 

निर्माणाधीन रामपथ पर कीचड़, चलना हुआ दुश्वार
बारिश के चलते निमार्णाधीन रामपथ पर सहादतगंज से लेकर अयोध्या नयाघाट तक जबरदस्त कीचड़ हो गया। जगह-जगह खुदे गड्ढों के चलते आवागमन बुरी तरह से प्रभावित रहा। स्थिति यह रही कि गुदड़ीबाजार से अमानीगंज की ओर ई-रिक्शा वालों ने जाने से हाथ खड़े कर दिए। अंगूरीबाग, नियांवा, साहबगंज और गुदड़ीबाजार में निमार्णाधीन रामपथ दलदल में तब्दील हो गया है। जनौरा, आवास विकास कालोनी, कंधारी बाजार, तेलीटोला, मुकेरी टोला आदि इलाकों में लोग जलभराव से भी जूझते रहे। जल निकासी की व्यवस्था दम तोड़ गई तो नालों का पानी उफना कर गलियों में बहने लगा।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक पर पंचायत सहायकों ने किया प्रदर्शन

संबंधित समाचार