हल्द्वानी: महिला ने माल ले लिया लेकिन भुगतान नहीं किया, रिपोर्ट दर्ज
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक महिला पर ऊनी स्वेटर और कपड़ों का माल लेने और भुगतान नहीं करने का आरोप लगा है। पुलिस ने महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गायत्री पुत्री देवबहादुर निवासी मुखानी ने सीओ सिटी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कहा कि स्वरोजगार के लिए उन्होंने वर्ष 2020 में नैनीताल बैंक व निजी कंपनियों से लोन लेकर ऊनी स्वेटरों की दुकान खोली। फिर कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन की वजह से वर्ष 2022 में फरवरी माह तक ही दुकान चला सकीं।
दुकान बंद हो गई और सारा सामान दुकान में ही बंद था। पीड़िता के अनुसार इस दौरान नीमा जोशी पत्नी पूर्णानन्द जोशी निवासी आदर्श कॉलोनी कमलुवागांजा ने उसकी दुकान का सामान लेने का आग्रह किया। चूंकि वह नीमा को पहले से जानती थी इसलिए उसने 18 फरवरी 2022 को सारा सामान 1,19,327 रुपये में उधार बेच दिया। इसके एवज में नीमा जोशी ने पीड़िता के फाइनेंस कंपनियों के ऋण पूरा करने की बात की।
इसी बीच पीड़िता को पति के इलाज के लिए रांची, झारखंड जाना पड़ा। जब वह रांची से लौटीं तो पता चला कि नीमा जोशी ने फाइनेंस कंपनी की किस्तें नहीं चुकाई हैं।
जब पीड़िता ने सामान का रुपया मांगा तो नीमा बार-बार बहानेबाजी करने लगी। जब वह बीती 24 मई को नीमा जोशी से उधार का रुपया लेने गई तो नीमा ने रुपया देने के बजाय उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की। साथ ही बाद में अपहरण, चरित्र हनन और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़िता ने नीमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
