Kanpur: कल्याणपुर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे अस्पताल ने ली एक और जान, प्रसूता को हैलट में छोड़ कर भागे कर्मी… मौत

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर के कल्याणपुर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे अस्पताल ने ली एक और जान।

कानपुर के कल्याणपुर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे अस्पताल ने एक और जान ले ली। प्रसूता की हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल के कर्मचारी हैलट अस्पताल गेट पर छोड़कर भाग निकले। जहां उसकी मौत हो गई।

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थानाक्षेत्र में स्थित निजी अस्पताल में गुरुवार रात इलाज में लापरवाही से प्रसूता की हालत बिगड़ने के बाद निजी अस्पताल के कर्मचारी हैलट अस्पताल गेट पर उसे छोड़कर भाग निकले। नाजुक हालत में उसे भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

शिवराजपुर के बैरी निवासी अमन मजदूरी करते हैं। तीन सितंबर को अमन ने 21 वर्षीय पत्नी चांदनी को डिलीवरी के चलते पुराना शिवली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां चांदनी ने बेटे को जन्म दिया था। गुरुवार देर रात अचानक चांदनी की हालत बिगड़ गई। इस पर अस्पताल के कर्मचारी उसे जांच करने के बहाने हैलट अस्पताल के गेट पर छोड़कर भाग निकले।

परिजनों ने चांदनी को अस्पताल से ले जाने का विरोध भी किया था। इसके बाद परिजन पुलिस की मदद से चांदनी को ढूंढते हुए हैलट अस्पताल पहुंचे। जहां चांदनी आईसीयू में गंभीर हालत में भर्ती थी कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने निजी अस्पताल संचालक और उसके कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में कल्याणपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

मनमानी पड़ रही भारी 

कल्याणपुर थानाक्षेत्र में छोटे बड़े मिलाकर तकरीबन चार सैकड़ा अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं। जिनमें आए दिन किसी न किसी मरीज की लापरवाही से मौत के बाद हंगामा होना आम बात हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के सांठ-गांठ के चलते इस ओर कोई ध्यान नहीं देता है।

इनके संचालकों की मनमानी लोगों पर भारी पड़ रही है। सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं। जब बवाल हंगामा होता है, तो अफसर अस्पताल को सीज कर खानापूर्ति कर लेते हैं। 

परिजनों ने अभी तक शिकायत नहीं की है। अगर ऐसा है, तो मामले की जांच कराकर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।- आलोक रंजन, सीएमओ

संबंधित समाचार