हल्द्वानी: पिछली बार नशेड़ियों ने लूटा, इस बार असलहा लेकर आए स्मैक बेचने
लाखों की स्मैक और असलहे के साथ एसओजी और काठगोदाम पुलिस ने दो को दबोचा
स्मैक तस्करी के चक्कर में पहले भी तस्करों को तीन थानों की पुलिस पहुंचा चुकी है जेल
हल्द्वानी, अमृत विचार। पिछली बार स्मैक खपाने आए तो नशेड़ियों ने स्मैक तस्करों को लूट लिया और पीट कर भेजा। इस बार शातिर तस्कर स्मैक लुटेरों से बचने के लिए तमंचा लेकर आए, लेकिन इस बार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके पास से लाखों की स्मैक के साथ पुलिस ने असलहा भी बरामद किया है। दोनों शातिर किच्छा के रहने वाले हैं और तीनों थानों से आरोपी पहले भी तस्करी के चक्कर में जेल की हवा खा चुके हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि काठगोदाम थाना पुलिस व एसओजी टीम बीते शनिवार शाम गौलापार के कुंवरपुर चौराहे के पास गश्त पर थी। तभी एक मोटर साइकिल संख्या यूके 06 एआर 1009 पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और मोटरसाइकिल के कागज मांगे, लेकिन वह दिखा नहीं सके।
पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 114.90 ग्राम स्मैक, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शावेज़ उर्फ समीर पुत्र असलम और दूसरे तस्कर ने अपना नाम सलीम पुत्र दुलाजान निवासी कसाई मोहल्ला दरऊ किच्छा बताया। बताया कि वह उक्त स्मैक दरऊ में रहने वाले फरमूद से खरीद कर लाए थे।
इससे पूर्व में भी वह यहां स्मैक बेचने आए थे। तब नशेड़ियों ने उनसे स्मैक लूट ली थी और पीटा भी था। ऐसे स्मैक लुटेरों से बचने के लिए वह इस बार तमंचा लेकर आए थे, लेकिन इस बार पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी को इससे पहले काठगोदाम, हल्द्वानी और रुद्रपुर पुलिस एनडीपीएस के मामले में जेल भेज चुकी है। एसएसपी ने बताया तस्कर जिससे स्मैक खरीद कर लाए हैं, उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 10 लाख रुपये है। गुडवर्क करने वाली टीम में काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक, एसआई मनोज कुमार, दिनेश सिंह राणा, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, अनिल गिरी, कुंदन कठायत, कांस्टेबल चंद्र सामंत थे।
खूब वायरल हुआ था तस्करों से लूट का वीडियो
गिरफ्त में आए तस्करों ने बार-बार जेल जाने के बावजूद स्मैक का धंधा नहीं छोड़ा। हालांकि पिछली बार तस्कर जिन नशेड़ियों को स्मैक बेचने आए थे तब उन्हीं नशेड़ियों ने इन्हें लूट लिया, पीटा और घटना का वीडियो भी बनाया। जिसके बाद ये वीडियो लीक हो गया और जमकर वायरल हुआ था।
