Mahoba News: सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य बोले- सरकार की मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा हवा हवाई
महोबा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य पहुंचे।
महोबा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार की मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा हवा हवाई है।
महोबा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में बेरोजगारी अपने चरम पर है। लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। जिलों में मेडिकल कॉलेज की घोषणा सरकार की हवा हवाई साबित हो रही है। सरकारी संस्थाओं को बेचकर उद्योगपतियों को सिर्फ फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर बडबोले नेता के चलते घोसी की विधानसभा सीट नहीं जीता सके।
सपा की राष्ट्रीय महासचिव मध्य प्रदेश चुनाव के चुनाव प्रचार में जाते समय नगर पंचायत अध्यक्ष कबरई के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। महंगाई आसमान पर पहुंच गई है आम आदमी महंगाई से परेशान है और सरकार जी-20 समिट सम्मेलन करा रही हैं। इस सम्मेलन से देश को कोई फायदा नहीं है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने घोसी की सीट जीत कर यह साबित कर दिया है कि इंडिया गठबंधन 2024 में कुछ कर गुजरने वाला है। उन्होंने कहा कि अब जनता सब समझ गई है। यही वजह है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण भाजपा के दिग्गज नेता और कई मंत्री घोसी में डेरा जमाए रहे इसके बाद भी जनता ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को जीत दिलाई। यह एक बड़ी उपलब्धि है, इससे भाजपा को करारा झटका लगा है।
