काशीपुर: जिले में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीज, अब तक जिले में 27 केस
काशीपुर, अमृत विचार। खाली भूखंडों में जलभराव से डेंगू-मलेरिया फैलने का खतरा बना हुआ है। जिले में अब तक 27 डेंगू के केस मिल चुके हैं। संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी अस्पताल प्रशासन ने चार बेड का डेंगू वार्ड बनाया है।
लगातार बारिश होने से नदियां भी उफान पर हैं। बहला और ढेला नदी ने इस साल सबसे अधिक कहर बरपाया है। सरकारी अस्पताल, ओम विहार, मालवा फार्म, श्यामपुरम, वैशाली कॉलोनी, पशुपति विहार, दुर्गा कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी, जसपुर खुर्द, साईं धाम कॉलोनी आदि जगहों में खाली भूखंडों में पानी भरा है। भूखंडों में कूड़ा, झाड़ियां सड़ने की दुर्गंध से लोग परेशान हैं।
इसके बावजूद नगर निगम ने फॉगिंग तक नहीं कराई है। जिले में अब तक डेंगू के 27 केस मिल चुके हैं। जिसमें काशीपुर और रुद्रपुर में सबसे अधिक डेंगू के केस मिले हैं। वहीं मौसम का मिजाज बदलने से बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
अस्पताल पहुंचे बुखार के करीब 15-20 मरीजों की जांच कराने पर प्लेटलेट्स नब्बे हजार से एक लाख तक निकल रही है। जीडीएमओ डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि डेंगू से निपटने के लिए तैयारी पूरी है। चार बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मनू पांडे ने बताया कि डेंगू की एलाइजा जांच रुद्रपुर में होती है। रक्त कोष में 100 यूनिट से अधिक रक्त उपलब्ध है।
