रुद्रपुर: हिंदूवादी संगठनों ने सिडकुल चौकी में हंगामा काटा और धरना दिया
रुद्रपुर, अमृत विचार। रविवार की देर रात हिंदूवादी संगठनों से जुड़े नेताओं ने एक विशेष समुदाय के युवक पर नाबालिग लड़की को परेशान करने और शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया और सिडकुल चौकी में धरना देकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी ने मामले की जानकारी ली और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करवाया।
रविवार की रात साढ़े 10 बजे अचानक हिंदूवादी संगठनों के नेता सिडकुल चौकी पहुंचे और हंगामा काटना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पंतनगर थाना इलाके में एक विधवा अपने बच्चों के साथ रहती है और मेहनत मजदूरी कर भरण पोषण करती है। बताया कि पिछले कुछ दिनों से विशेष समुदाय का एक युवक उसकी नाबालिग लड़की को परेशान कर शादी का दबाव बना रहा है। साथ ही जबरन साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है।
आरोप था कि जब नाबालिग ने इंकार किया तो युवक ने परिवार को जान से मारने की धमकी की। इस संबंध में कई बार परिवार ने पुलिस से शिकायत की। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हिंदूवादी संगठनों ने सिडकुल चौकी प्रभारी से युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिस पर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करवाया।
