हल्द्वानी: हाईवे के गड्ढे ने शिक्षक की जान ली, मॉर्निंग वॉक पर निकली छात्रा को कार ने रौंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना क्षेत्र के हल्द्वानी-कालाढूंगी हाईवे पर 8 घंटे में दो भयावह सड़क हादसे हुए और दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना सोमवार रात और दूसरी मंगलवार की भोर में हुई।

सोमवार रात हुई घटना में हाईवे पर बना बड़ा गड्ढा शिक्षक की मौत की वजह बना तो मंगलवार की भोर तेज रफ्तार कार ने विपरीत दिशा में जाकर मॉर्निंग वॉक पर निकली छात्रा को रौंद दिया।

घटना के बाद कार बिजली के पोल से टकरा गई और पोल टूटकर कार पर गिर पड़ा। जिसके बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि दोनों ही मामलों में पुलिस मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर का इंतजार कर रही है। 

पहली घटना
बीएसएफ से सेवानिवृत्त पिता का इकलौता बेटा था संजीव
हल्द्वानी : शिक्षक अपने बूढ़े माता-पिता का इकलौता सहारा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बूढ़े माता-पिता और दो बहनों का रोकर बुरा हाल है। 
 

आदर्श कालोनी लोहरियासाल मल्ला निवासी चंद्रशेखर पंत बीएसएफ से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। घर में उनकी पत्नी देवकी व 34 वर्षीय बेटा संजीव कुमार पंत थे। दो बेटियों की वह शादी कर चुके हैं। संजीव हरगोविंद सुयाल स्कूल में सामाजिक विज्ञान के अध्यापक थे और प्राइवेट ट्यूशन भी पढ़ाते थे।

बताया जाता है कि सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह ट्यूशन पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे थे। वह अभी ऊंचापुल स्थित व्हाइट हॉल स्कूल के पास पहुंचे थे कि हाईवे पर बने बड़े गड्ढे की चपेट में आ गए। वह सिर के बल सड़क पर गिरे। गंभीर अवस्था में उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से एसटीएच पहुंचाया गया। जहां रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। 


क्यों न दर्ज हो लोनिवि के खिलाफ मुकदमा
हल्द्वानी : इस मामले में एक बात तो साफ है कि अगर सड़क पर गड्ढा नहीं होता तो संजीव आज जिंदा होते। तो क्यों न इस घटना के लिए लोनिवि को आरोपी मानते हुए मुकदमा दर्ज हो। बता दें कि स्कूल के सामने हुआ गड्ढा काफी बड़ा है और आए दिन यहां हादसे हो रहे हैं। बीतों दिनों हुई बरसात में इस स्थान पर गड्ढों में गिरकर कई लोग घायल हुए थे।  


बीटेक की छात्रा ने घटना स्थल पर तोड़ा दम, परिवार था पिथौरागढ़
हल्द्वानी, अमृत विचार : मॉर्निंग वॉक के लिए निकली छात्रा को जब कार ने रौंदा तो यहां सिर्फ उसका छोटा भाई था। जबकि परिवार पिथौरागढ़ में था। 
   मूल रूप से बंडी धारचूला पिथौरागढ़ निवासी आशा (25) पुत्री बयान सिंह एक निजी संस्थान से बीटेक कर रही थी और लामाचौड़ में छोटे भाई के साथ किराए पर रहती थी। रोज की तरह सोमवार सुबह भी वह टहलने निकली थी। सुबह करीब 5 बजे वह कालाढूंगी हाईवे पर कमलुवागांजा में मॉर्निंग वॉक कर रही थी। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार संख्या यूए 04 बी 6623 ने अचानक अपनी दिशा बदली और दूसरी ओर से आ रही आशा को रौंद दिया। जिसके बाद कार सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार की टक्कर से पोल उखड़ गया और कार पर गिर गया। घटना के बाद से चालक फरार है। 


बेटी का शव देख बेसुध हो गए पिता
हल्द्वानी : बेटी की मौत की खबर पिथौरागढ़ पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में आशा के पिता और रिश्तेदार हल्द्वानी पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस में जैसे ही बयान सिंह ने बेटी का शव देखा तो वह बेसुध हो गए। जिसके बाद साथ मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। उनका कहना था कि उन्होंने बेटी को अपने सपने पूरे करने के लिए शहर भेजा था। 

संबंधित समाचार