किच्छा: घोटालों के आरोप में निलंबित चल रहे कर्मी ने पोस्टमैन को पीटा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। घोटाले के आरोप में निलंबित किए जाने की रंजिश के चलते आरोपी कर्मचारी ने डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना में घायल पोस्टमैन का रुद्रपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल कर्मचारी के पुत्र ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में ग्राम भंगा, थाना पुलभट्टा, किच्छा निवासी महावीर सिंह पुत्र जमुना प्रसाद ने बताया कि उसके पिता जमुना प्रसाद किच्छा पोस्ट ऑफिस की ग्राम उत्तमनगर, थाना बहेड़ी  ब्रांच में डाकिया पोस्टमैन के पद पर कार्यरत हैं तथा उनके विभाग में ग्राम सैंजना थाना किच्छा निवासी वेद प्रकाश यादव उत्तमनगर ब्रांच में पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत था, जिसे विभागीय घोटाला करने के बाद निलंबित कर दिया गया था, जिसका वाद न्यायालय में विचाराधीन है।

महावीर सिंह ने आरोप लगाया कि निलंबित होने के बाद से ही आरोपी वेद प्रकाश उसके पिता से रंजिश रखने लगा तथा उसके द्वारा कई बार पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई और नौकरी से निलंबित किए जाने का बदला लेने की बात कही गई।

शिकायत में उन्होंने कहा कि विगत 8 सितंबर की सुबह 10 बजे उसके पिता डाक विभाग में कार्य निपटाने के बाद उत्तमनगर से  किच्छा वापस लौट रहे थे कि नेशनल हाईवे पर आरोपी वेद प्रकाश ने उसके पिता की गाड़ी को हाथ देकर रुकवा लिया और गाली गलौज  करने लगा। इसी दौरान झाड़ी में बैठा एक अन्य व्यक्ति लोहे की रॉड लेकर मौके पर आया और पिता पर जानलेवा हमला बोल दिया।

आरोपी ने लोहे की रोड से हमला कर पिता का एक हाथ तथा दोनों पैर तोड़ दिए। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद आरोपी बैग में रखी डाकघर की चाबी और सरकारी दस्तावेज लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सरकारी अस्पताल के  चिकित्सकों ने उसके पिता को हायर सेंटर रेफर कर दिया तथा वर्तमान में मेडिसिटी अस्पताल में उसके पिता का गंभीर अवस्था में आईसीयू में इलाज चल रहा  हैं।

पीड़ित ने आरोपी वेद प्रकाश एवं उसके अज्ञात साथी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करते हुए जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार