रुद्रपुर: तराई वन प्रभाग की टीम ने 125 गिल्टे के साथ एक तस्कर दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर पीपल पड़ाव की टीम ने सूचना के आधार पर झाड़ियों में छिपाए गए खैर लकड़ी के गिल्टे और एक तस्कर को दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने चोरी छिपे जंगलों से लकड़ी काटकर झाड़ियों में छिपा दी थी। मगर वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार 15 सितंबर की देर शाम को प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी को खबर मिली थी कि एक लकड़ी तस्कर खैर प्रजाति की कई गिल्टे बेचने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर तत्काल वन क्षेत्राधिकारी भूपाल सिंह कैड़ा के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। इसके बाद टीम ने बताए गये स्थान पर दबिश दी। वन विभाग की टीम को देखकर गूलरभोज ढाई निवासी सोनू कश्यप भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया और उसकी निशानदेही पर गूलरभोज दलपुरा मार्ग किनारे की झाड़ियों से खैर प्रजाति के 125 गिल्टे बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात को चोरी छिपे लकड़ी काटकर उसके गिल्टे को झाड़ियों में छिपा देता है। जब उसे मौका मिलता है तो उसे बेच देता है। प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी ने बताया कि आरोपी तस्कर के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
