गरमपानी: कोसी घाटी के सस्ता गल्ला विक्रेता देहरादून में भरेंगे हुंकार
गरमपानी, अमृत विचार। तेरह महीने से लाभांश समेत अन्य खर्चे न मिल पाने से सस्ता गल्ला विक्रेताओं में गहरी नाराजगी है। कोटेदारों ने उपेक्षा का आरोप लगाया है। मांगों को लेकर अब देहरादून कूच की तैयारी तेज कर दी है। संगठन के जिला महामंत्री देवेंद्र सती के अनुसार लंबित लाभांश न मिलने से कोटेदारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। लगातार अनदेखी की जा रही है।
बेतालघाट ब्लॉक के सस्ता गल्ला विक्रेताओं को एक वर्ष से भी अधिक समय से लाभांश का भुगतान नहीं हो सका है। कोटेदारों का आरोप है की सरकार व विभाग के प्रत्येक आदेश का पालन कर पूरे मनोयोग से समय समय पर राशन वितरण का कार्य किया जा रहा है। बावजूद उत्पीड़न किया जा रहा है।
एक वर्ष से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद लाभांश व अन्य खर्चों का भुगतान नहीं किया जा सका है। एक कोटेदार का ही पांच लाख रुपये से अधिक बकाया है। सस्ता गल्ला विक्रेता संघ के जिला महामंत्री देवेंद्र सती, रोहित बिष्ट, भुवन बिष्ट, पंकज दानी, पंकज नेगी, हरीश चंद्र, दिनेश दुर्गापाल आदि के अनुसार लगातार लाभांश व किराया व अन्य खर्च भुगतान की लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही।
लगातार आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। कोटेदारों के अनुसार देहरादून में होने वाले धरना प्रदर्शन की तैयारियां भी शुरु कर दी गई है। बेतालघाट ब्लॉक से भी अधिक से अधिक कोटेदार देहरादून में 21 सितम्बर को होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
