रुद्रपुर: ट्रैक्टर प्रकरण - पीआरडी जवान की गिरफ्तारी के बाद इंद्रजीत की सरगर्मी से तलाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिला आबकारी कार्यालय में मुकदमाती खड़े ट्रैक्टर की अदला बदली प्रकरण में फरार चल रहे पीआरडी जवान की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आखिरी किरदार निभाने वाले आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। जिसको लेकर सिडकुल पुलिस ने उसके गांव में निगरानी शुरू कर दी है।

बताते चलें कि तीन सितंबर की रात को जिला आबकारी कार्यालय में खड़े नये ट्रेक्टर को बदलकर उसके स्थान पर पुराना ट्रैक्टर खड़ा कर दिया था। जिसे बाजपुर आबकारी द्वारा हरियाणा मार्का शराब के साथ पकड़ा था। चार सितंबर को मामले के पर्दाफाश होने के बाद जिला आबकारी अधिकारी अशोक मिश्रा के आदेश पर आबकारी निरीक्षक खीमानंद शर्मा ने तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत करवाया था।

वहीं पुलिस ने छह सितंबर को प्रकरण में सहायक आबकारी आयुक्त पन्ना लाल शर्मा, हरपेज सिंह, पीआरडी जवान अवधेश कुमार सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अहम किरदार निभाने वाले पीआरडी धर्मवीर सिंह को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया था। मगर प्रकरण में आखिरी किरदार निभाने वाला इंद्रजीत सिंह निवासी केलाखेड़ा पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा है। सिडकुल चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि फरार आरोपी अभी तक की तफ्तीश में आखिरी आरोपी है। जिसकी गिरफ्तारी के भरकस प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

संबंधित समाचार