सीतापुर : सशस्त्र बदमाशों ने बंधक बनाकर दो घरों में की लाखों की लूटपाट
75 हजार की नकदी सहित लाखों के सोने-चांदी के जेवरात चोरी
तालगांव/सीतापुर, अमृत विचार। कोतवाली इलाके में असलहाधारी बदमाशों ने दो गांवों में परिवारों को बंधक बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। बदमाशों की इस वारदात से गांव के अन्य ग्रामीण दहशत में है। बदमाशों ने परिवारों को बंधक बनाकर करीब 75 हजार की नकदी और लाखों रुपयों के जेवरात पर हाथ साफ़ कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार वालों ने मामले की सुचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार,क्षेत्र के ग्राम खैरुल्लापुर निवासी प्रेमचंद के घर के पीछे दीवार से बुधवार की रात करीब 3 बजे सशस्त्र बदमाश दाखिल हुए। परिवारी जनों को असलहे के बल पर बदमाशों ने को बंधक बना लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने घर की अलमारी में रखी 50 हजार की नगदी, सोने का हार,बाला ,चार अंगूठी सोने की, दो जोड़ी पायल बिछिया सहित अन्य कीमती सामान लेकर बदमाश फरार हो गए।
बदमाशों ने यहां से निकलकर करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम बहादरपुर निवासी प्रवेश कुमार उर्फ महेंद्र के घर में भी ताला तोड़कर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में रखी अलमारी का सेफ तोड़कर बदमाश करीब 25 हजार की नकदी और सोने के कंगन, मंगलसूत्र, चैन, पायल, बिछिया सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने मामले की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। बदमाशों की लूटपाट की सूचना पाकर मौके पर पहुंची तालगांव पुलिस ने दोनों गांवों में घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेसनिक टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्यों को एकत्रित किया है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि बहादुरपुर गांव में हुयी वारदात में पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि खैरुल्लापुर गांव में हुयी वारदात की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर छानबीन की जाएगी।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : चोरी का कैमरा और कागजात के साथ पांच गिरफ्तार
