विधायक के निरीक्षण में खुली पोल, रजिस्टर में हाजिर एलटी ड्यूटी से मिले नदारद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुल्तानपुर, अमृत विचार। सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय उर्फ राजबाबू ने गुरुवार को सीएचसी मोतिगरपुर के औचक निरीक्षण में अस्पताल में खामियां मिलने पर अधीक्षक को फटकार लगाई। सीएमओ से दूरभाष पर बात कर हाजिरी के बाद एलटी के ड्यूटी से नदारद रहने पर जवाब तलब कर कार्रवाई को कहा तो पैथोलॉजी में छह माह से खराब सीबीसी जांच मशीन को अविलंब ठीक कराने का निर्देश दिया। 

गुरुवार को धर्मराज पाठक सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र मोतिगरपुर का सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय के औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल कर्मियों में अफरातफरी मच गई। पोर्च के सामने बैठे लोगों से अस्पताल में दवा इलाज सुचारू रूप से मिलने की हकीकत परखी। लोगों ने बताया छह माह से सीबीसी जांच मशीन खराब पड़ी है। जांच बाहर से करानी पड़ रही है, जिससे विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधीक्षक डॉ गिरिश चन्द्रा के कक्ष में पहुंचकर हाजिरी रजिस्टर का अवलोकन किया। 

हाजिरी के बाद भी एलटी के ड्यूटी पर तैनात न रहने पर अधीक्षक को फटकार लगाते हुए सीएमओ से अस्पताल की सीबीसी जांच मशीन सही कराने व एलटी धर्मेंद्र सिंह से जवाब तलब करने का निर्देश दिया। आयुष्मान मित्र वीरेंद्र यादव से लाभार्थियों के कार्ड बनाने के रिकॉर्ड रखने के साथ ज्यादा से ज्यादा कार्ड बनाने की हिदायत दी। औचक निरीक्षण में डॉ अवनीश मिश्र, डॉ जेपी वर्मा, डॉ बिंदु, गुड्डू उपाध्याय, सत्यदेव सिंह, उदय प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें -आगरा में रेलिंग समेत नीचे गिरी फ्रांस की महिला पर्यटक, नहीं बची जान

संबंधित समाचार