गदरपुर: नगर में बिना पंजीकरण के चल रहे डेंटल क्लिनिक पर छापामार कार्रवाई

गदरपुर: नगर में बिना पंजीकरण के चल रहे डेंटल क्लिनिक पर छापामार कार्रवाई

गदरपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की टीम ने  क्षेत्र में बिना पंजीकरण के चल रहे डेंटल क्लिनिकों  का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने तीन डेंटल क्लिनिको को सील किया, जबकि एक क्लीनिक स्वामी क्लिनिक को बंद कर फरार हो गया।

शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं उधम सिंह नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक केंद्र के  प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव सरना, डेंटल सर्जन डॉ शालिनी कपूर के नेतृत्व में बिना पंजीकरण के चल रहे   डेंटल क्लिनिकों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण की सूचना पर डेंटल क्लिनिको में हड़कंप मच गया टीम ने गूलरभोज रोड पर चल रहे रूद्र डेंटल क्लिनिक, समर डेंटल क्लीनिक एवं ग्लोबल डेंटल क्लिनिक मैं पहुंच कर जब जांच की तो डेंटल क्लिनिको का पंजीकरण न होने पर सील कर दिया। इसके बाद टीम ने  महतोष में संचालित  डेंटल क्लिनिक का भी निरीक्षण किया लेकिन क्लीनिक बंद मिला जिस पर टीम वापस लौट गई।

इस दौरान डेंटल सर्जन डॉ शालिनी कपूर ने बताया कि शिकायतें मिल रही थी कि बिना पंजीकरण के ब्लॉक क्षेत्र में डेंटल क्लिनिक  संचालित किए जा रहे  हैं।  इस पर जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी उधम सिंह नगर के निर्देश  निरीक्षण की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया  निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण के अगर कोई डेंटल क्लिनिक दोबारा  पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में  राजस्व निरीक्षक जीएस राणा , महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ अंजु गिरी,  मोहम्मद रिजवान, उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह  मौजूद थे।