संभल: प्याऊ पर पानी पीने के दौरान करंट से मजदूर की मौत, टोंटी से चिपके युवक को लोगों ने छुड़ाया
संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में विधायक निधि से लगवाई गई ठंडे प्याऊ पर पानी पीने के दौरान मजदूर करंट की चपेट में आ गया। झुलसे मजदूर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव टांडा कोठी निवासी राहुल (26 वर्ष) पुत्र सर्वेश दिल्ली में मजदूरी कर गुरुवार को घर आया था। शनिवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे राहुल टांडा कोठी चौराहे पर विधायक पिंकी यादव की निधि से लगवाई गई शीतल पानी के प्याऊ पर पानी पीने लगा। जैसे ही टोंटी खोली तो प्याऊ में उतरे करंट ने उसे चपेट में ले लिया। टोंटी के चिपके राहुल पर आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो दौड़ पड़े। लोगों ने प्लास्टिक के कट्टे राहुल को प्याऊ से अलग किया। प्याऊ में लगे केबिल को खींचा। हादसे की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। गंभीर रूप से झुलसे राहुल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।
विधायक ने लगवाई थी प्याऊ
संभल। असमोली के टांडा कोठी में बिजली घर होने के साथ ही दूसरे गांव के तमाम लोगों का दिन भर आना जाना रहता है। ऐसे में लोग पीने के पानी को परेशान रहते थे। लोगों ने मांग रखी तो विधायक असमोली पिंकी यादव ने अपनी निधि से प्याऊ लगवाई थी।
जर्जर हाल हैं जनप्रतिनिधियों की निधि से लगी प्याऊ
संभल। जन प्रतिनिधि अपनी निधि से क्षेत्र में प्याऊ तो लगवा देते हैं लेकिन लगने के बाद उसके रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं देता। इसी वजह से जहां तमाम प्याऊ खराब होकर सफेद हाथी बन जाती हैं वहीं कई लगह प्याऊ के नंगे तार हादसों को दावत देते हैं।
ये भी पढ़ें:- संभल: फाइनेंस कंपनी एजेंट ने दोस्त को रकम देकर रची थी लूट की कहानी, जानिए पूरा मामला
