कासगंज: गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज,अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सोरों पर रोड पर गोरहा बाईपास के समीप गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पल्सर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। चार राउंड फायर हुए, जिससे यात्रा में शामिल तीन श्रद्धालु घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए।

घटना की जानकारी पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छह नामजद और तीन अज्ञात बाइक सवारों पर हमले का आरोप है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

शहर के चंदन नगर के श्रद्धालु श्रीगणेश प्रतिमा का विसर्जन करने गंगा घाट जा रहे थे। शाम लगभग साढ़े चार बजे जब श्रद्धालुओं की टोली धार्मिक भजनों पर थिरकती हुई सोरों रोड पर आगे बढ़ी तो श्रद्धालुओं के वाहनों की गति भी थोड़ बढ़ गई। कुछ श्रद्धालु जो प्रतिमा लेकर आगे बढ़ चुके थे और कुछ श्रद्धालु पीछे थे।

पीछे चल रही टोली जब गोरहा बाईपास के समीप पहुंची तो पीछे की ओर से पल्सर बाइकों पर सवार हमलावरों ने टोली पर फायरिंग कर शुरू कर दी। एक बाद एक चार राउंड फायर किए। अवैध असलाह से की गई फायरिंग में तीन श्रद्धालुओं को गोली लगी है। बॉबी पुत्र प्रीतम, अभिषेक पुत्र राकेश के पेट में गोली है जबकि अर्जुन पुत्र मानपाल को छूकर गोली निकल गई और वह घायल हो गए।

तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली तो सीओ सिटी अजीत चौहान, कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह राठौड़ बडी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल अर्जुन के पिता मानपाल का आरोप है कि इन हमलावरों में आवास विकास कॉलोनी निवासी राजीव ठाकुर, आकाश, अंकुर, प्रिंस, आदित्य, मिस्टर गुप्ता को घायलों ने पहचान लिया है।

उन्होंने बताया कि उनका एक स्विंग पुल अहरौली गांव में है। राजीव आए दिन तमाम लोगों को लेकर वहां पहुंचता था और फ्री नहाने का दबाव बनाता था।  उससे कई बार मना किया गया तभी से वह दुश्मनी मानने लगा। पिछले दिनों उसने एक तमंचा लेकर फोटो भी वायरल किया जो पुलिस को दे दिया गया था। इससे वह और भी दुश्मनी मानने लगा। इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं पर हमला बोला है।  

यह भी पढ़ें- कासगंज: धर्मपुर मे बुखार से दो की मौत, बीमारी की चपेट में पूरा गांव

गोली कांड की जानकारी मिली। मौके पर अधिकारियों को भेजा गया। घटना में दो नवयुवक घायल हुए हैं। जिन्हें रेफर किया गया है। प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का मामला सामने आया है। घायलों ने जो नाम बताए हैं उन हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। अग्रिम विधिक कार्यवाही से अवगत कराया जाएगा। - जितेंद्र दुबे, एएसपी

ये भी पढ़ें : कासगंज: जिले में धूमधाम से मनाया गया लाडली सरकार का जन्मोत्सव

संबंधित समाचार