हल्द्वानी: भाई-भाभी ने ढाया अत्याचार, पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद
हल्द्वानी, अमृत विचार। माता-पिता की मौत के बाद दिव्यांग बहन, भाई की जिम्मेदारी बन गई। लेकिन भाई अपनी पत्नी संग मिलकर उस पर अत्याचार करने लगा। दिव्यांग बहन कार्रवाई के लिए पुलिस के पास पहुंची और कमिश्नर तक गुहार लगाने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। अब बनभूलपुरा पुलिस ने न्यायालय के दखल के बाद आरोपी भाई-भाभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
23 वर्षीय अमरीन पैर से दिव्यांग है और माता-पिता की मौत हो चुकी है। गफूर बस्ती वार्ड 24 में वह अपने भाई हसीन पुत्र स्व. मेहंदी हसन, भाभी आरजू पत्नी हसीन व भाई अजीम उर्फ अज्जू पुत्र मेहदी हसन के साथ रहती है। अमरीन का आरोप है कि बीती 20 जुलाई की दोपहर वह खाना बना रही थी।
तभी दोनों भाई और भाभी ने उसका गला पकड़कर बाल खींचकर मारने लगे। कहने लगे कि तुझे बेच देंगे। विरोध पर आरोपियों ने उन्हीं पैरों पर हमला किया, जिनसे वह दिव्यांग है। पड़ोसियों के पहुंचने पर किसी तरह उसकी जान बची और उसे इलाज के लिए बेस अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल से आने के बाद पीड़िता ने बनभूलपुरा थाने को तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने एसएसपी, कुमाऊं कमिश्नर और मानवाधिकार आयोग को शिकायत की, लेकिन कार्रवाई फिर भी नहीं हुई। जिसके बाद वह शिकायत लेकर न्यायालय पहुंची। अब पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
