Chitrakoot: अधिशासी अभियंता की गैरहाजिरी पर रोका वेतन, डीएम की हिदायत, कार्यशैली में सुधार लाएं एनएच के अधिकारी
चित्रकूट के अधिशासी अभियंता की गैरहाजिरी पर रोका वेतन।
चित्रकूट के अधिशासी अभियंता की गैरहाजिरी पर वेतन रोका। डीएम ने हिदायत की। कार्यशैली में सुधार एनएच के अधिकारी लाएं।
चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने एनएच बांदा के अधिकारियों को हिदायत दी कि वे कार्यशैली में सुधार लाएं। ठेकेदारों के भरोसे न रहें और मौके पर जाकर गुणवत्ता का आकलन करें। बैठक में पीएमजेएसवाई के एई विनोद कटिहार के गैरहाजिर रहने पर उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सोमवार को डीएम ने सड़क निर्माण एवं गड्ढामुक्त सड़कों के संबंध में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि खोह से नो इंट्री तक की सड़क को 15 दिन में ठीक कराएं। उन्होंने पहाड़ी नाले के बारे में कहा कि इसका एस्टीमेट बनाकर भेजें। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिकारियों से मुख्य सड़क व गांव की सड़कों की बारे में जानकारी ली और बेडी पुलिया से लेकर सूरजकुंड की सड़क को ठीक कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने ददरी माफी व बहिलपुरवा देवांगना रोड, मऊ से ग्राम पंचायत ताडी तक का रास्ता, सरैया से बोड़ी पोखरी तक की रोड, बरगढ़ से ग्राम पंचायत के लिए जाने वाली सड़क को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने मंडी परिषद द्वारा बनाई गई सड़क के संबंध में भी जानकारी ली। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड सत्येंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता सीडी वन कृष्ण कुमार, एनएच प्रयागराज विजय सिंह आदि अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नाला निर्माण में सफाई नहीं
डीएम ने मंदाकिनी नदी से बेड़ी पुलिया तक नाले के निर्माण कार्य की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से समन्वय बनाकर कुछ जगहों पर रैंप व इंटरलॉकिंग बनवाएं।
उन्होंने कहा कि इसकी देखरेख के लिए अभियंता प्रांतीय खंड व उप जिला अधिकारी के निर्देशन में एक टीम बनाया जाएगी जो निरीक्षण करेंगे। कहा कि काम में सफाई नहीं आ रही है। सरिया और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सही हो। कपसेठी के क्षेत्र में विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक नाले न बनाएं। अनावश्यक पैसा खर्च हो रहा है और सरकार की भी छवि खराब हो रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजापुर मार्ग के गड्ढे दुरुस्त करें
डीएम ने नेशनल हाईवे प्रयागराज के संबंध में कहा कि पहाड़ी की स्थिति खराब है। यहां आवागमन अक्सर बाधित होता है। राजापुर में बहुत गड्ढे हैं। 15 दिन के अंदर काम पूरा हो जाना चाहिए। जो कमियां है उसे पूरा कराएं। राजापुर का नाला जल्द बनाने और यमुना पुल से लेकर ट्रैफिक चौराहे तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश डीएम ने दिए।
