मेरी बात मानो - नहीं तो करवा दूंगा फेल .... ये कहकर डेढ़ महीने तक छात्रा का शोषण करता रहा कोचिंग संचालक 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। शहर के धूमनगंज इलाके में एक कोचिंग संचालक ने नाबालिग छात्रा का डेढ़ महीने तक यौन शोषण करता रहा। छात्रा को धमकी दी, अगर जुबान खोली तो फेल करवा दूंगा। डरी और सहमी छात्रा फेल होने के डर से चुप रही। घर में बेटी को परेशान देखकर मां ने दबाव डालते हुए पूछा तो बेटी ने पूरी बात मां को बताई। मामले में छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने कोचिंग संचालक कैसर फिरदौस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, धूमनगंज बम्हरौली इलाके की रहने वाली छात्रा एक निजी स्कूल में कक्षा 10वीं में पढ़ती है। छात्रा ने गणित और विज्ञान पढ़ने के लिए उसने केएफ कोचिंग में एडमिशन लिया था। कोचिंग कांशीराम आवास योजना की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में चलती है।

छात्रा का आरोप है कि कोचिंग संचालक कैसर फिरदौस छात्रा को आये दिन बहाने से अपने कार्यालय में बुला लेता था और वहीं अश्लील हरकतें करता था। लड़की ने विरोध किया तो उसे फेल होने का डर दिखाना शुरु कर दिया। पहली बार जब उसके साथ टीचर ने अश्लील हरकत की तो उसने विरोध किया। विरोध करने पर फिरदौस ने कहा कि तुम मेरी बात मान लो तो अच्छे नंबरों से पास हो जाओगी। विरोध करोगी तो फेल हो जाओगी। समाज में कोई इज्जत नहीं बचेगी। 

21 सितंबर को जब वह कोचिंग से घर लौटी तो उसे डरा हुआ देख मां ने उससे पूछना शुरु किया। बेटी मां के गले से लिपट कर रोने लगी। काफी देर बाद उसने सारी बात बताई। बेटी की बात सुनकर मां-बाप के होश उड़ गए। बेटी ने बताया कि कोचिंग संचालक कैसर फिरदौस पिछले डेढ़ माह से उसका यौन शोषण कर रहा है। क्लास के समय वह मुझे किसी न किसी बहाने ग्राउंड फ्लोर के अपने दफ्तर में बुला लेता था। इसके बाद अश्लील हरकत करता था। 

मामले की जानकारी होने के बाद पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि पिछले डेढ़ माह से कोचिंग संचालक ने परेशान कर रखा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें -आगरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में मिर्ची गैंग के 5 बदमाश गिरफ्तार

संबंधित समाचार