Unnao News: विशेष समुदाय का युवक मंदिर में घुसा, श्रृद्धालुओं पर डंडे से किया हमला, दर्शनार्थियों में मची भगदड़
उन्नाव में विशेष समुदाय के युवक ने मंदिर में घुसकर श्रृद्धालुओं पर बोला हमला।
उन्नाव में विशेष समुदाय के युवक ने मंदिर में घुसकर श्रृद्धालुओं पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे आधा दर्जन श्रृद्धालु घायल हो गए। दर्शनार्थियों में भगदड़ मच गई।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत अल्पसंख्यक समुदाय के एक सिरफिरे युवक ने शुक्रवार को नगर के ऐतिहासिक बाबा बोधेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में घुसकर डंडे से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दर्शनार्थियों में भगदड़ मच गई।
सिरफिरे ने डंडे से प्रहार कर करीब आधा दर्जन श्रद्वालुओं को लहूलुहान कर दिया। यह देख मंदिर प्रांगण में तैनात पीएसी जवानों ने किसी तरह हमलावर को काबू कर उसे दबोचा और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। अन्य दर्शनार्थियों ने आनन-फानन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत में एक को हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
बता दें कि नगर के ऐतिहासिक बाबा बोधेश्वर महादेव मंदिर में नगर एवं क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन-पूजन करने जाते हैं। शुक्रवार को भाद्रपद पूर्णिमा के चलते सैकड़ों श्रद्धालु पवित्र शिवलिंग के दर्शन-पूजन करने मंदिर प्रांगण में मौजूद थे। तभी अचानक एक सिरफिरा युवक हाथ में डंडा लेकर मंदिर प्रांगण में घुस आया और दौड़-दौड़ कर डंडे से भक्तों की पिटाई करने लगा।
पिटाई से दर्शन करने आए मिलन पुत्र रामबली सिंह, कैलाश पुत्र फकीरे सिंह निवासी मोहल्ला घूरेटोला, कृष्ण कुमार पुत्र गिरजा शंकर तिवारी सेवानिवृत्त लेखपाल मोहल्ला नौनिहाल गंज संडीला रोड सहित करीब आधा दर्जन श्रद्धालु लहूलुहान हो गए। अचानक हमले से श्रद्धालुओं में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई।
तभी मंदिर प्रांगण में तैनात पीएसी बल के जवान दौड़े और किसी तरह सिरफिरे को काबू कर उससे डंडा छीन लिया। पीएसी बल ने हमलावर को हिरासत में ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस हमलावर को कोतवाली ले आई। हमलावर ने अपना नाम जावेद पुत्र पप्पू निवासी मोहल्ला दरगाह शरीफ बांगरमऊ बताया है।
मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने आनन-फानन तीन घायल श्रद्धालुओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां हालत नाज़ुक देखकर चिकित्सकों ने घायल कृष्ण कुमार को हायर सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जबकि अन्य इलाज कराने निजी अस्पताल चले गए। घायल श्रद्धालु मिलन सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस हमलावर युवक से घटना के बाबत पूछताछ करने में जुटी है।
