रामपुर : बिना नाम लिए डिप्टी सीएम ने कसा आजम खां पर तंज, बोले- 'जब पाप का घड़ा भर जाता है तो वह छलकने लगता है'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपराह्न 3:11 बजे विकास भवन पहुंचे और गार्डस ने उन्हें सलामी दी। अपराह्न करीब 4 बजे डिप्टी सीएम ने एक सवाल के जवाब में दो टूक कहा कि सूबे में वर्ष 2047 तक सपा सरकार आने वाली नहीं है। पूर्व मंत्री आजम खां का नाम लिए बिना कहा कि जब पाप का घड़ा भर जाता है तो वह छलकने लगता है। कहा कि जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को दिए गए निदेर्शों से भी पत्रकारों को रूबरू कराया।

विकास भवन सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक के बाद हुई पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार है और रामपुर ऐतिहासिक जिला है, इसलिए यहां विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। कहा कि रामपुर में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कमल खिला है। वर्ष 2024 के चुनाव में प्रदेश की 80 सीटें जीतना हैं।

आजम खां का नाम लिए बिना कहा कि हल्का सा हाथ डालने पर बड़े-बड़े मामले निकल रहे हैं। कोई द्वेष पूर्ण कार्रवाई नहीं हो रही है जांच के बाद जो सामने आएगा उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा गया है कि बिजली अधिकारी संविदाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करें उनकी बहुत शिकायतें मिली हैं जनता को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए। कहा कि दीपावली तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करा दिया जाए।

आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए। रामपुर में देश का पहला अमृत सरोवर बना था जिसका जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था कहा कि अमृत सरोवरों को तेजी से पूर्ण कराया जाए। कहा कि जिस क्षेत्र में लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारियों को पांच वर्ष हो गए हैं उनका क्षेत्र परिवर्तित कर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि एक महीने बाद आऊंगा और फिर तमाम कार्यों की समीक्षा करुंगा। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू, पूर्व विधायक अली यूसुफ अली, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : कोर्ट के आदेश की अवहेलना में हसनपुर इंस्पेक्टर व एसओसी चकबंदी पर कसा शिकंजा

संबंधित समाचार