रुद्रपुर: राजविंदर हत्याकांड में सगे चाचा पर हत्या का मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। कोतवाली इलाके के गांव रायपुर में दिनदहाड़े हुए राजविंदर सिंह हत्याकांड में सगे हत्यारोपी चाचा पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत हो गया है। मृतक के पिता ने अपने सगे छोटे भाई पर भतीजे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद हत्यारोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम रायपुर निवासी तारा सिंह ने बताया कि एक अक्टूबर की सुबह 11 बजे वह व उसका छोटा बेटा राजविंद्र सिंह उर्फ राजू अपने धान के खेत में काम कर रहे थे। तभी बेटा राजू अपने खेत की मेड़ में लगे विद्युत पोल से पानी की मोटर चलाने के लिए तार डालने पहुंचा ही था कि अचानक उसका छोटा भाई सुच्चा सिंह मौके पर आया और गाली गलौज करने लगा। आरोप था कि जब उसने विरोध किया तो भाई सुच्चा ने तमंचा निकाल कर सगे भतीजे के सीने पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि गोली सीने को चीरती हुई बाहर निकाल गई और राजू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। गोली मारने के बाद हत्यारोपी चाचा मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में बेटे को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान तारा का आरोप था कि उसके छोटे भाई ने सगे भतीजे की गोली मारकर निर्मम हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपी सुच्चा की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार