रुद्रपुर: वेतन न मिलने से श्रमिकों में आक्रोश, प्रदर्शन
रुद्रपुर, अमृत विचार। पिछले ढाई साल से अधिक समय से वेतन नहीं मिलने से सिडकुल की एक कंपनी के श्रमिकों का आक्रोश फिर सामने आया है। आक्रोशित श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। साथ ही जल्द वेतन नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को अमूल ऑटो कंपनी के गेट पर धरना प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने कहा कि वर्ष 2020 से कंपनी बंद है। इससे पांच-छह माह पूर्व से कंपनी ने श्रमिकों का वेतन रोक दिया। साथ ही श्रमिकों को गुमराह किया गया। इसके बाद श्रमिकों ने प्रशासन और श्रम विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगायी, लेकिन उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ। वेतन नहीं मिलने से श्रमिकों के परिवार में रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन से श्रमिकों का जल्द बकाया वेतन देने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर जगदीप सिंह, महेंद्र सिंह, वीरेंद्र कुमार, जितेंद्र त्रिपाठी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
