बरेली: ध्वस्त होगी जंक्शन की बिल्डिंग, कार्यालय किए जाएंगे शिफ्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रेल अधिकारियों ने जंक्शन के कायापलट का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। नए सिरे से जंक्शन का विस्तार होगा। शुरुआती चरण में स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग को तोड़ने की तैयारी है।

इसके लिए अधिकारियों को कार्यालय और जंक्शन पर चलने वाले अन्य उपक्रमों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द इस दिशा काम शुरू हो सकता है। हालांकि, उससे पहले अधिकारियों को स्थानांतरण वाले स्थान को भी चिह्नित करना होगा।

बरेली जंक्शन को करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से संवारने की तैयारी है, जिसमें स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा। एजेंसियों द्वारा रेल प्रशासन सर्वे भी करा रहा है। दो प्लेटफार्म बढ़ाने से लेकर रूफ प्लाजा जंक्शन पर विकसित करने का प्लान है। लगभग 10 हजार वर्ग मीटर में स्टेशन को विकसित करने की योजना है। अब मुख्यालय से पत्र भेजकर रिफ्रेशमेंट रूम ( भोजनालय) को शिफ्ट करने के लिए कहा गया है। 

सीएमआई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी उन्हें नक्शा प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में रिफ्रेशमेंट रूम को कहां शिफ्ट किया जाए, इस पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा निर्माण शुरू होने से पहले अन्य कार्यालय भी शिफ्ट होंगे, लेकिन यह सब मंडल स्तर से होना है। जो भी कार्य होंगे वो इंजीनियरिंग विभाग के तहत किए जाने हैं।

रेलवे स्कूल को शिफ्ट करने पर विचार
जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार सुभाषनगर छोर पर स्थित रेलवे स्कूल को भी अधिकारी शिफ्ट करने पर विचार कर रहे हैं। इस बात की जानकारी बीते दिनों जंक्शन के निरीक्षण के लिए आए मंडल रेल प्रबंधक राजकुमार सिंह ने दी थी। दरअसल, सुभानगर साइड सर्क्युलेटिंग एरिया को बढ़ा करने और उसके आगे सड़क चौड़ी करने में रेलवे स्कूल का काफी हिस्सा आ रहा है।

ये भी पढे़ं- बरेली: बेटों की वन विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से छह लाख की ठगी, वीडियो वायरल

 

संबंधित समाचार