बरेली: निजी हाथों में सफाई का जिम्मा, शहर में लगे कूड़े के ढेर
बरेली, अमृत विचार। शहर में कई वार्डों को सफाई की जिम्मेदारी निजी हाथों में है लेकिन सफाई नहीं हो रही है। इसकी वजह से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। अभी 20 और वार्डों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है।
वार्ड 11 कटरा चांद खां और वार्ड सहसवानी टोला में निजी कंपनी के कर्मचारी सफाई करते हैं। निजी कंपनी को जिम्मेदारी देने का उद्देश्य था कि मोहल्लों में समुचित सफाई व्यवस्था होगी लेकिन ऐसा नहीं है। मीरा की पैठ में नियमित सफाई नहीं होने की बात लोगों ने बताई।
एजाजनगर, रोहिली टोला, नई बस्ती, सूफी टोला, शहामतगंज और आकाशपुरम में नालियों की सफाई नहीं होती है। इसकी निगरानी की जिम्मेदारी क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक की है लेकिन वह भी अनदेखी कर रहे हैं। फाइक एन्क्लेव कॉलोनी में भी सफाई कर्मी झाड़ू तो लगाते हैं लेकिन नाली सफाई नहीं करते हैं। नौमहला वार्ड में बगिया मोहल्ले में घरों के आगे कूड़ा जमा है।
अवकाश और डोर टू डोर का ठेका निरस्त होने के बाद सफाई कार्य प्रभावित हुआ था लेकिन मंगलवार को काफी हद तक कूड़ा उठाया जा चुका है। जहां कमियां हैं उसे दुरुस्त करा लिया जाएगा। -विमल मिश्र, जेडएसओ
इस्लामिया मैदान बनता जा रहा डलावघर
एक तरफ जहां नगर निगम शहर से डलावघर खत्म करने की मुहिम चला रहा है तो दूसरी तरफ शहर के बीचोबीच इस्लामिया मैदान डलावघर बनता जा रहा है। यहां कूड़े के ढेर तो पड़े हैं, साथ ही लोगों ने गोबर भी डालना शुरू कर दिया है। इस्लामिया काॅलेज मैदान में अनाथालय के पीछे पार्क की तरफ कई बार अवैध कब्जे का प्रयास हो चुका है। नगर निगम ने इस भूमि पर अपना कब्जा करने के बजाए खाली छोड़ दिया है। पिछले दिनों उर्स के दौरान प्रशासन ने यहां सफाई करवाई लेकिन उसके बाद गंदगी की भरमार है।
ये भी पढे़ं- बरेली: जुलूस में डीजे प्रतिबंधित करने वाली कमेटी के अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी
