पिथौरागढ़: मोदी जी के आने से पहले ज्योलिंगकांग में बजी मोबाइल की घंटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिथौरागढ़, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे से पहले सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही हैं। इसी क्रम में पहली बार 15,800 फुट की ऊंचाई पर चीन सीमा से लगे ज्योलिंगकांग यानी आदि कैलाश में मंगलवार को पहली बार मोबाइल की घंटी बजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 और 12 अक्तूबर को प्रस्तावित पिथौरागढ़ जिले के दौरे को देखते हुए बीएसएनएल ने यहां छोटा टॉवर लगाकर टू जी की अस्थायी सेवा शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री का 11 अक्तूबर को चौदास घाटी के नारायण आश्रम और अगले दिन आदि कैलाश, ओम पर्वत का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ज्योलिंगकांग क्षेत्र में अब तक संचार की कोई सुविधा नहीं है। यहां से 35 किमी दूर गूंजी में नेपाल का सिम काम करता है। अधिकारी यहां सैटेलाइट फोन से संचार सुविधा से जुड़े हैं।

बीएसएनएल के जीएम महेश सिंह निर्खुपा ने बताया कि थ्री जी सेवा भी चालू की जा रही है। स्थायी टॉवर लगाने के लिए जगह भी चयनित कर ली गई है। जल्द ही इसका कार्य शुरू किया जाएगा।

नारायण आश्रम में भी टू जी और थ्री जी सेवा शुरू हो चुकी है। संचार सेवा से आदि कैलाश दर्शन को आने वाले पर्यटकों के साथ ही स्थानीय ग्रामीण और सीमा की सुरक्षा में लगे एजेंसियों को फायदा होगा। बहरहाल जनता का कहना है कि ऐसे ही वीआईपी यहां पहुंचते रहें ताकि इसका थोड़ा सा फायदा आम जनता को भी मिल सके।

संबंधित समाचार