हल्द्वानी: River View Resort Case - पुलिस ने प्रशासन के पाले में डाली गेंद
हल्द्वानी, अमृत विचार। रिवर व्यू रिसॉर्ट में पकड़े गए कैसीनो के मामले में पुलिस पर सवाल उठ रहे थे। विधायक सुमित हृदयेश ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन अब पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्होंने अपनी ओर से निष्पक्ष कार्रवाई की है और अगली कार्रवाई के लिए उनकी ओर से रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है।
बता दें कि 25 सितंबर की पुलिस और एसओजी ने डोलमार स्थित रिवर व्यू रिसॉर्ट में छापा मारा था। रिसॉर्ट में अवैध कैसीनो का भंडाफोड़ करते हुए 21 जुआरी और 12 बार बालाएं गिरफ्तार की गईं। मंगलवार को विधायक सुमित हृदयेश पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे और आरोप लगाया कि कैसीनों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों का हाथ है, इसीलिए पुलिस कार्रवाई से बच रही है और रिसॉर्ट मालिक के नाम का खुलासा नहीं कर रही।
इस मामले में एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई की है। रिसॉर्ट में जो अवैध कृत्य करते मिले उन्हें गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया। रिसॉर्ट पर आगे की कार्रवाई प्रशासन का अधिकार है और इसके लिए रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है।
