संभल: बेकाबू कार ने दो बाइक पर सवार पांच लोगों को रौंदा, एक की मौत, चार घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाइवे पर थाना बनियाठेर के गांव भुलाबई के निकट  हादसा 

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाइवे पर थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव भुलाबई के निकट बेकाबू कार ने दो बाइक पर सवार पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक कार छोड़ कर फरार हो गया।  

बिलारी कोतवाली क्षेत्र के गांव देवरी निवासी हेमपाल यादव (50) पुत्र नत्थू गुरुवार को अपनी बेटी पिंकी यादव के साथ किसी कार्य से चन्दौसी आया था। अपराह्न करीब तीन बजे हेमराज अपनी बेटी के साथ बाइक से वापस  गांव लौट रहा था। वहीं बिलारी क्षेत्र के गांव नारायनपुर निवासी संजीव कश्यप पुत्र ओमप्रकाश की पत्नी राधा गांव में समूह चलाती है। राधा अपने पति व तीन वर्षीय बेटे शिवा के साथ बाइक से पुष्टाहार लेने के लिए बिलारी जा रही थी।

दोनों बाइक पर सवार लोग मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाइवे पर थाना बनियाठेर के गांव भुलाबई के निकट पहुंचे ही थे कि बिलारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक बेकाबू हो गई और दोनों बाइक सवारों  को रौंद दिया। हादसे में हेमपाल यादव, उसकी बेटी पिंकी, दूसरी बाइक पर सवार संजीव कश्यप, उसकी पत्नी राधा व बेटा शिवा गंभीर रुप से घायल हो गए।

कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।  सूचना पाकर थाना प्रभारी राकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों से घायलों को सीएचसी  भेज दिया। जहां सभी की हालत गंभीर होने पर चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में हेमपाल ने दम तोड़ दिया। हादसे की वजह कार का अगला टायर फटना बताया जा रहा है। 

हादसे की वजह कार का टायर फटना रहा? ये जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।  घायलों का उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -राकेश कुमार, थाना प्रभारी, बनियाठेर। 

ये भी पढ़ें:- संभल: सड़क किनारे बैठे दो छात्रों की बाइक से कुचलकर मौत

संबंधित समाचार