हल्द्वानी: बनभूलपुरा के केक विवाद मामले में दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा में केक को लेकर हुए विवाद में दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर सौंपी है। केक लेने गए युवक की मां की तहरीर पर बनभूलपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

पुलिस को तहरीर में गांधीनगर वार्ड 27 निवासी रिफ्का पत्नी आशीष ने कहा, बीती 7 नवंबर की रात उसका बेटा रॉबिन और आयुष अपने छोटे भाई के लिए जन्मदिन का केक लेने लाइन नंबर 8 स्थित बॉम्बे बेकरी गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह दौड़ता हुआ लौटा तो खून से लथपथ था।

भाई आयुष के सिर से खून बह रहा था। पूछने पर उसने बताया कि बेकरी बंद थी। इस पर दुकान मालिक को आवाज लगाई। तभी वहां बाइक सवार युवक आकर हॉर्न बजाने लगा। रॉबिन ने बाइक हटाई तो वो चला गया, लेकिन फिर लौट आया और धक्का-मुक्की करते हुए गाली-गलौज करने लगा।

वहीं खड़े लाइन नंबर 12 निवासी इमरान ने रॉबिन और आयुष को पीटा। इमरान के बुलावे पर सुहैल गैस वाला, फरहत और दर्जनों लोग दोनों को पीटने लगे। दोनों गिड़गिड़ाते, फरियाद करते रहे, लेकिन किसी ने न सुनी। इस पर दोनों बाइक छोड़कर भागे तो उन पर पथराव कर दिया। जिसमें आयुष का सिर फट गया और रॉबिन को भी चोट आई। रिफ्का का दावा है कि यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि रिफ्का की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद व अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

शनिवार को बॉम्बे बेकर्स वाले ने लिखाया था मुकदमा
हल्द्वानी : शनिवार को बॉम्बे बेकर्स के मालिक इकबाल पुत्र आमिर हुसैन ने बनभूलपुरा पुलिस को तहरीर दी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने गांधीनगर निवासी आयुष कुमार और रॉबिन व अन्य अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस नेआयुष को गिरफ्तार भी कर लिया था। आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 153ए, 295, 336, 427, 504 व 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

संबंधित समाचार