काशीपुर: पार्षदों ने उठाई ट्रेड लाइसेंस उपविधि 2017 में संशोधन करने की मांग
काशीपुर, अमृत विचार। नगर निगम बोर्ड बैठक में पार्षदों ने ट्रेड लाइसेंस उपविधि-2017 में संशोधन को गलत बताते हुए सामाजिक हित में इसमें सुधार कर दोबारा संशोधन करने की मांग की। बैठक में स्ट्रीट लाइटें और सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों में रोष व्याप्त रहा। उन्होंने कहा कि वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद जल्द ही खराब हो रही है। वार्डों में सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है।
नगर निगम सभागार में सोमवार को मेयर ऊषा चौधरी की अध्यक्षता व नगर आयुक्त विवेक राय की मौजूदगी में बोर्ड बैठक का आयोजन हुआ। बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने कहा कि जिन वार्डों में काम हो रहे हैं। वहां से पार्षदों से लिखित लिया जाए कि काम संतोषजन हुआ है या नहीं। कहा कि कई टेंडर के बाद भी वार्डों में काम रुके पड़े हुए हैं। इसपर मेयर ने कहा कि जिन जगहों पर काम रूके हुए हैं वहां निरीक्षण कर काम को शुरू कराया जाएगा। इस दौरान पार्किंग, हाट बाजार, तहबाजारी, प्रेक्षागृह शुल्क, अतिक्रमण एवं संपत्ति कर संशोधन और डेयरी पशु उपविधि के गजट नोटिफिकेशन का प्रस्ताव रखा गया।
जिसका पार्षदों ने अनुमोदन कर दिया। इसके बाद ट्रेड लाइसेंस उपविधि-2017 के संशोधन के बाद गजट नोटिफिकेशन व प्रकाशन अनुमोदन के लिए सदन में लाया गया। जिसका पार्षदों ने जमकर विरोध किया। कहा कि ट्रेड लाइसेंस शुल्क मनमर्जी से लगाया गया है यह मानक के मुताबिक होना चाहिए। पार्षदों ने कहा कि इसमें सुधार किया जाए। जिस पर चार दिन बाद दोबारा बैठक बुलाने पर सहमति बनी। पार्षदों ने कहा कि वार्ड में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हुई हैं जिन्हें बदला जाए। नगर आयुक्त विवेक राय ने कहा कि पहले सेंसरयुक्त लाइटें लगवाई गयी थी। जिसमें शिकायतें आ रही हैं। इसलिए एक हजार प्लेन लाइटों का ऑर्डर दिया जा चुका है। जो जल्दी ही निगम को उपलब्ध हो जाएंगी।
वहीं वार्ड नंबर 4 के पार्षद अनिल कुमार ने कहा कि मालवा फार्म में श्मशान घाट की भूमि की चारदीवारी व गेट लगवाया जाए। नगर आयुक्त ने बताया कि दो-ढाई महीने में एबीसी सेंटर शुरू हो जाएगा, सरकार से शीघ्र धनराशि मिलने वाली है। वहीं नगर निगम में कुत्ता पालकों को अपने कुत्ते का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पार्षदों ने कहा कि पंजीकरण शुल्क नस्ल के मुताबिक होना चाहिए, इस पर सदन ने अपनी सहमति दे दी।
नगर फेरी समिति की बैठक में तय वेंडर जोन पर सदन ने अपनी सहमति जताई। मेयर ऊषा चौधरी ने बताया आपदा के तहत होने वाली निर्माण कार्यों के लिए 90 टेंडर किए गए थे। जिसमें से 25 टेंडर दोबारा कराए जा रहे हैं। जबकि शेष का कार्यादेश शीघ्र जारी कर दिया जाएगा। वहां पर पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, दीप जोशी, ऐलम सिंह, मनोज कुमार जग्गा, गंधार अग्रवाल, डॉ. माजिद हुसैन, वैशाली गुप्ता, मुनेश समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे।
शहर में पूजा सामग्री उठाने के लिए लगाया जाए वाहन
काशीपुर। नगर निगम की बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर 34 के पार्षद विजय कुमार ने कहा कि लोग कूड़ा वाहनों में पूजा सामग्री भी फेंक देते हैं जो सही नहीं है। पूजा सामग्री एकत्र करने के लिए एक वाहन का प्रस्ताव रखा। इसपर सदन ने सहमति दे दी। मुख्य नगर आयुक्त विवेक राय ने कहा कि पूजा स्थलों या समारोह जहां पर फूलों का काम अधिक होता है। वहां से पूजा सामग्री एकत्र कर महादेव नहर के पास निगम के खाली पड़े सरकारी भवन पर एकत्र किया जाए। जहां हेल्प सेल्फ ग्रुप की सहायता से इस सामग्री की अगरबत्ती और धूप बनाई जा सके।
