बरेली: मीडिया से साझा न करें प्रधानमंत्री का कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसपीजी के एआईजी का अफसरों को निर्देश, 45 अधिकारियों की टीम बरेली पहुंची

बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे पर जाते हुए त्रिशूल एयरफोर्स पर चेंजओवर करने का कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रशासन काफी सतर्क है। एसपीजी के एआईजी ने अफसरों को निर्देश जारी किए हैं कि पीएम के कार्यक्रम को लेकर मीडिया से दूरी बनाएं। कार्यक्रम को साझा करने की भी मनाही की गई है। प्रधानमंत्री उत्तराखंड आने-जाने के दौरान चेंजओवर के दौरान करीब 10 मिनट तक त्रिशूल एयरबेस पर रहेंगे।

पीएमओ के निर्देश पर प्रभारी अधिकारी वीआईपी ने प्रधानमंत्री के दौरे से संंबंधित विभागों के अधिकारियों को सरकारी कार्यक्रम जारी किया है। प्रधानमंत्री 12 अक्टूबर को सुबह दिल्ली से उड़कर त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेंगे। यहां से पांच मिनट बाद बाद हेलिकॉप्टरों की सुरक्षा में उत्तराखंड के जोलिंकांग हेलिपैड के लिए उड़ जाएंगे। शाम को उत्तराखंड के नैनीसैनी हेलिपैड से फिर उड़ान भरकर त्रिशूल एयरबेस पहुंचेंगे और पांच मिनट बाद राजकीय विमान से दिल्ली के लिए उड़ जाएंगे। इस कार्यक्रम के मुद्देनजर एसएसपी को मानकों के अनुसार सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं कराने और नगर आयुक्त को नगर निगम सीमा में सफाई के साथ सड़कों पर चूना डलवाने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी हुआ कि प्रधानमंत्री के चेंजओवर के दृष्टिगत वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एयरफोर्स स्टेशन से सर्किट हाउस तक सड़क पर जरूरत के अनुसार पैचवर्क और मरम्मत का काम समय से करा लें। सीएमओ को सेफ हाउस और रेफरल हॉस्पिटल चिकित्सीय व्यवस्था कराने को कहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए पांच हेलिकॉप्टर और क्रू मेंबरों के साथ करीब 45 अधिकारियों की टीम सोमवार को बरेली पहुंच गई। उन्हें ठहराने के लिए शहर के एक होटल में 30 कमरे बुक किए गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: कुतुबखाना के व्यापारियों की फड़-ठेले वालों से फिर ठनी, दुकानें बंद कर धरने पर बैठे

संबंधित समाचार