सितारगंज: बीएसएनएल में लगे आधार सेंटर पर अवैध वसूली का आरोप
सितारगंज, अमृत विचार। बीएसएनएल कार्यालय में लगे आधार कार्ड सेंटर पर दो जरुरतमंदों से बायोमैट्रिक कराने पर 400 रुपये वसूलने का आरोप है, जिसकी शिकायत सभासद रवि रस्तोगी ने प्रभारी तहसीलदार से की। उन्होंने सेंटर पर पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद सेंटर संचालक ने शिकायतकर्ताओं को पैसे वापस कर दिये।
किच्छा रोड के दूरसंचार विभाग कार्यालय में संचालित आधार कार्ड सेंटर पर बायोमैट्रिक कराने पहुंचे वार्ड दो निवासी हसन मलिक व वसीम का आरोप है कि उनसे संचालक 200 रुपये की डिमांड कर रहा था। इसके बाद उन्होंने पैसे दे दिये। मामले की सूचना सभासद रवि रस्तोगी को दी गई।
उन्होंने शिकायतकर्ताओं के साथ सेंटर पहुंचकर इसका विरोध किया। सूचना पर नायब तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिकायत की जांच की। सभासद रवि रस्तोगी ने बताया कि मामला अफसरों के संज्ञान में आने के बाद सेंटर संचालक ने अतिरिक्त पैसे वापस कर दिये। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आधार कार्ड सेंटरों पर जरुरतमंदों से अवैध वसूली की जा रही है। इसका विरोध किया जाएगा। इस मौके पर बबलू सागर, सूरज कुमार, अनुराग बाल्मीकि आदि मौजूद थे।
