काशीपुर: कांग्रेस जब-जब कमजोर हुई देश कमजोर हुआ: माहरा
काशीपुर, अमृत विचार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि जब-जब कांग्रेस कमजोर हुई है, देश भी कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देवभूमि को शराब भूमि बनाने के पीछे लगी है।
उन्होंने आगामी निकाय, लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता महासम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि जो सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है उसी सरकार में देश में बहनों पर अत्याचार हो रहा है।
यह दिखाते कुछ हैं और करते कुछ हैं। किसानों की भूमि कब्जाई जा रही है। लोगों को नजूल भूमि के नाम पर बेघर किया जा रहा है। सरकारी नौकरियां खत्म की जा रही हैं। युवा रोजगार के लिये दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना लाकर देश की सरहदों को कमजोर किया जा रहा है।
कहा कि यदि कांग्रेस को एकजुट करना है तो एक-दूसरे की बुराई करने से बचें। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि हम चुनाव की दहलीज पर खड़े हैं। उत्तराखंड में कांग्रेस ने कई उतार-चढाव देखे हैं। देश विभाजन की ओर बढ़ रहा है। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। उन्होंने कहा कि काशीपुर से नई शुरुआत होनी चाहिए। पार्टी के सामने बड़ी चुनौती है। एकजुटता व समर्पण से ही जीत हासिल कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: किच्छा: पुलिस पस्त-चोर मस्त.. रात्रि गश्त को ठेंगा दिखाते हुए चोरी की वारदात को दिया अंजाम
