Kanpur News: मोटापे से बढ़ जाता कैंसर होने का खतरा, फास्ट फूड खाने से फैटी लिवर की बीमारी, ऐसे करें बचाव
मोटापे से कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता।
मोटापे से कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, फास्ट फूड खाने से फैटी लिवर की बीमारी हो रही। समय पर मोटापा कम करने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
कानपुर, [विकास कुमार]। अनियमित जीवनशैली और गलत खानपान के कारण लोग मोटापे की समस्या से परेशान हो रहे हैं। कमर और पेट के पास चर्बी जमा होने से शरीर की बनावट तो खराब होती ही है, साथ ही डायबिटीज, दिल की बीमारी समेत अन्य रोग होने की आशंका भी बढ़ जाती है। हैरान करने वाली बात यह है कि मोटापा कैंसर को भी जन्म दे सकता है। समय पर मोटापा कम करने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
आरामदायक जीवन की चाह में बदलती दिनचर्या व अनियमित खानपान की वजह से महिला व पुरुष दोनों ही मोटापे की समस्या से ग्रस्त हैं। फास्टफूड, मोमोज, बर्गर, पिज्जा, कोल्डड्रिंक व मैदे युक्त चीजों का अधिक सेवन भी शरीर के लिए घातक है। देर से सोना और देर तक सोना, व्यायाम या योग न करने से भी लोग मोटापे से पीड़ित हो रहे हैं, जो शरीर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। साथ ही यह कैंसर को जन्म दे सकता है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ गैस्ट्रो सर्जन डॉ.आरके जौहरी के मुताबिक मोटापा रोगों से लड़ने वाले इम्यून सिस्टम की उन कोशिकाओं को कमजोर करता है, जो कैंसर से लड़ती हैं। खाने में अगर कोई व्यक्ति फैट ज्यादा लेता है तो फिर शरीर में मौजूद सेल्स की संख्या घटती है और ये ही कोशिकाएं ट्यूमर से लड़ती हैं।
शरीर में जब फैट जमा होता है तो इससे एनर्जी लेकर कैंसर की कोशिकाएं खुद को विकसित करने लगती हैं और ऐसा करके ट्यूमर की ग्रोथ बढ़ती है। मोटापा और वजन बढ़ने का सबसे बड़ा और पहला कारण हमारा खानपान है। बताया कि शरीर के हर हिस्से में जमा फैट और चर्बी से निकलने वाले हार्मोन शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए बढ़ते मोटापे को रोकना जरूरी है।
मेटाबॉलिज्म भी हो जाता गड़बड़
बाल रोग चिकित्सालय के सीएमएम डॉ. विनय कटियार ने बताया कि अनियमित जीवनशैली व खानपान से शरीर का मेटाबॉलिज्म गड़बड़ा जाता है। इसके बाद मोटापे की समस्या होने लगती है। इस वजह से बच्चों में भी यह समस्या देखी जा रही है।
वही, आनुवांशिक कारण की वजह से भी बच्चों में मोटापे की समस्या होती है। क्योंकि किसी के दादा, पिता मोटे हैं तो फिर उनका बेटा भी मोटा हो सकता है। सबसे पहले खानपान में बदलाव करने की जरूरत हैं। शरीर को वजन के अनुसार प्रतिदिन प्रोटीन मिलना जरूरी होता है। संतुलित व प्रोटीन युक्त आहार के साथ बच्चों को ऑउटडोर खेल भी खेलना जरूरी है।
ऐसे करें बचाव
मोटापा न बढे़ इसके लिए खाने में सोयाबीन ऑयल, चिप्स, जंक फूड, मैदा, खाने का सोडा, बेकिंग सोडा, शक्कर, कोल्ड ड्रिंक और सॉफ्ट ड्रिंक जैसी चीजों का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। क्योंकि ये सभी चीजें वजन और मोटापे को बढ़ाती हैं। नाश्ते में मूंग, सोयाबीन और चने जैसे अंकुरित अनाज को शामिल करें। मौसमी हरी सब्जियां खाएं, रात में हल्का भोजन करें। रोज नियमित रूप से कम से कम 30 मिनट टहले, रात को खाना खाकर तुरंत न सोएं, बल्कि थोड़ी देर जरूर टहलें। लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल कर बढ़ते मोटापे से बचा जा सकता है।
