बरेली: देहात क्षेत्र के स्टेशन होंगे इंटीग्रेटेड सर्विलांस सिस्टम से लैस, लगेंगे सीसीटीवी
बरेली कैंट, रामगंगा, आंवला, सीबीगंज रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे सीसीटीवी
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। रेल प्रशासन बड़े स्टेशनों को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने के बाद अब देहात क्षेत्र में पड़ने वाले छोटे-छोटे स्टेशनों को भी इंटीग्रेटेड सर्विलांस सिस्टम से लैस करेगा। इन स्टेशनों पर रेल प्रशासन रेल टेल की मदद से सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। बरेली जंक्शन आरपीएफ के तहत आने वाले 13 स्टेशनों पर यह कैमरे लगाए जाने हैं।
रेल अधिकारियों की मानें तो सीबीगंज, बरेली कैंट, रसुइया, पीतांबरपुर, टिसुआ, मीरानपुर कटरा, बिलपुर, तिलहर, आंवला, बिशारतगंज, रामगंगा समेत 13 स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। यह कैमरे बेहद आधुनिक और अधिक दृश्यता वाले होंगे। जिनके लिए जीआरपी और आरपीएफ चौकियों पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किये जाने हैं। इसके अलावा आईपी तकनीक आधारित कैमरे होने के कारण इनकी सीधे मुख्यालय से भी निगरानी की जा सकेगी।
सर्वे रिपोर्ट के बाद शुरू होगा कार्य
रेलवे की एजेंसी रेलटेल के अधिकारी कैमरे लगाने के लिए सर्वे कर रहे हैं। सभी स्टेशनों का सर्वे पूरा होने के बाद इनकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी। जिसके बाद कैमरे लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: अनाथ भाई-बहनों को दबंगों ने पीटा, विरोध करने पर लड़कियों से छेड़छाड़
