कासगंज: बेटी को बरामद नहीं कर पाई पुलिस, पिता ने कोतवाली में पहुंचकर की आत्मदाह की कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज/गंजडुंडवारा, अमृत विचार। बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस द्वारा बरामदगी न करने का आरोप लगाते हुए पिता ने परिवार सहित कोतवाली पहुंच आत्मदाह की कोशिश की है। पहले तो केरोसिन छिड़क लिया, कोतवाली के गेट पर यह दृश्य देख मौजूद पुलिस कर्मी बचाव के लिए दौड़े और बमुश्किल केरोसिकन की केन छीनी। अगवा बेटी के पिता को भरोसा दिया है कि जल्द ही उसकी बरामदगी कर ली जाएगी।

घटना गुरुवार दोपहर की है। आरोप है कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से गत माह दो आरोपी किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले गए। किशोरी के पिता ने घटना में विकास व छोटे निवासी निधौली कलां जनपद एटा को नामजद कर तहरीर पुलिस को दी। इस पर एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन पुलिस ने कोई बरामदगी नहीं की। इसको लेकर पूरा परिवार परेशान है।

पिता केरोसिन केन लेकर परिवार सहित कोतवाली के मुख्य द्वार पर पहुंच गया और आत्मदाह का प्रयास करने लगा। पहले तो अपने ऊपर केरोसिन छिड़क लिया फिर आग लगाने की कोशिश कर रहा था। यह दृश्य देख पुलिस कर्मी उसे बचाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने केरोसिन की केन छीनी। पिता का आरोप था कि पुलिस दो माह से कोई ध्यान नहीं दे रही है। सिर्फ टालमटोल किया जा रहा।  

वीडियो वायरल होने से मची खलबली
पिता द्वारा अपने ऊपर केरोसिन छिड़कने और पुलिस कर्मियों द्वारा पिता के हाथ से केरोसिन की केन छीनने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। हालांकि पुलिस कार्यवाही का भरोसा दे रही है।

घटना में नामजद एक आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। अगवा किशोरी को बरामद करने के प्रयास जारी है। परिवार के लोगों को समझा कर शांत किया गया है।  - रामप्रकाश गौतम, कोतवाली प्रभारी

ये भी पढे़ं- कासगंज: प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए न्यायालय की अवहेलना के आरोपी पुलिसकर्मी

 

संबंधित समाचार