शाहजहांपुर: नहीं थम रहा बुखार, दवाओं की खपत हुई तीन गुना
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में रामगंगा, गंगा, गर्रा और खन्नौत इलाके के गांवों में बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग वायरल बुखार, मलेरिया और डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। इससे दवाइयों की खपत भी दो से चार गुना तक बढ़ गई है।
इसका असर मेडिकल स्टोरों से लेकर सीएचसी से लेकर मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों की ओपीडी में देखने को मिल रहा है। जिले की सीएचसी से लेकर मेडिकल कॉलेज तक में हर दिन बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार का दावा है कि बुखार का प्रकोप कम हो रहा है, जबकि ओपीडी में मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में शुक्रवार को 1785 लोग बुखार से पीड़ित आए। सीएमएस डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि बुखार समेत अन्य रोगियों की बढ़ती संख्या के कारण एंटीबायोटिक और पेट की दवाओं की खपत तीन गुना बढ़ गई है।
बताया कि पहले जहां एक दिन में पैरासिटामोल की खपत औसतन 500 गोली की थी, वह अब 1500 से ज्यादा हो गई है। औषधि कक्ष के चीफ फार्मासिस्ट के अनुसार, इस समय दवाइयों की उपलब्धता और वितरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सामान्य दिनों की अपेक्षा जिस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ी है, वैसे ही दवाइयों की भी खपत बढ़ गई है। सीएमएस के अनुसार, पेरासिटामोल, सिप्लॉक्स, रेंटिडिन, लियो सिट्राजिन, मेट्रोजिल जैसी दवाइयों की खपत तीन से चार गुना बढ़ गई है।
दवाइयों की उपलब्धता और वितरण पर विशेष सजगता बरती जा रही है। मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की कोई कमी नहीं है। बुखार का प्रकोप कम होने लगा है। जल्द ही बुखार पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया जाएगा।
- डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य - राजकीय मेडिकल कॉलेज।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: व्यापारी को कमरे में बंद कर पीटा, थाना प्रभारी लाइन हाजिर...सिपाही सस्पेंड
