हल्द्वानी: एसटीएच में मरीजों को फ्री मिलेंगी सभी दवाएं
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसटीएच में आने वाले मरीजों को अब सभी दवाएं निशुल्क मिलेंगी। करीब 50 से 60 दवाओं के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अगले सप्ताह से मरीजों को सभी दवाएं मिलने की उम्मीद है।
एसटीएच में रोजाना 1500 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। मरीजों की सुविधा के लिए मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने इमरजेंसी के पास निशुल्क दवा काउंटर शुरू कराया था। वर्तमान में काउंटर से केवल 40 से 45 दवाएं ही मरीजों को मिल पा रही थीं। जिस कारण उन्हें अन्य दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही थी।
मरीजों की परेशानी को देखते हुए कुछ दिन पूर्व 50 से 60 दवाओं के टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई थी जो पूरी हो चुकी है। जल्द ही 100 से अधिक दवाएं अस्पताल की फार्मेसी में पहुंच जायेंगी। जिसके बाद दवा काउंटर से वितरण किया जायेगा। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि जल्द ही फार्मेसी में दवाएं मुहैया करा दी जायेंगी। इनमें बीपी, शुगर, कपसीरप सहित एंटीबायोटिक दवाएं हैं। जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
