काशीपुर: किशोरी को अगवा कर शादी का दबाव बनाने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। एक व्यक्ति ने मदरसा में तामील हासिल करने गई 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने व शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

विजयनगर नई बस्ती निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री दीनी तालीम हासिल करने के लिये थाना साबिक स्थित मदरसा में जाती थी। वहां पर मदरसे की देखरेख करने वाले फैसल निवासी महुआखेड़ागंज आते जाते उसकी पुत्री को परेशान करता और ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करता था। उसकी पुत्री ने डर की वजह से कोई भी बात घर पर नहीं बताई। इस कारण आरोपी फ़ैसल के हौसले बुलन्द हो गए।

आरोप है कि बीते 4 अक्टूबर को उसकी पुत्री मदरसे में गई तो फैसल उसकी पुत्री को डरा धमकाकर अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ अपने चाचा के घर लक्ष्मीपुर पट्टी ले गया। वहां पहले से मौजूद फैसल के परिजनों ने उसकी पुत्री का जबरन निकाह करने का प्रयास किया और पुत्री के विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर बदनाम करने की धमकी दी। किसी तरह वहां से निकल उनकी पुत्री ने घर आकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी फैसल सहित पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार