हल्द्वानी: बस अड्डे में पीकर बहके शराबी, बोले... आज तो लेकर ही जाएंगे बस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन नशेड़ियों ने सोमवार दोपहर बस अड्डे में जमकर हंगामा काटा। वो अड़ गए कि आज तो अपने गांव की बस अपने साथ लेकर जाएंगे। तीनों नशेड़ी संचालन कक्ष में घुस गए और अधिकारियों से भिड़ गए। समझा-बुझा कर उन्हें कमरे में कैद दिया गया और फिर कोतवाली पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। 

सोमवार सुबह करीब सवा 11 बजे शराब के नशे में तीन शराबी हल्द्वानी बस अड्डे पहुंच गए। इसमें दो युवा और एक अधेड़ उम्र का था। तीनों सीधा संचालन कक्ष पहुंचे और वहां मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों से उलझ गए। तीनों युवक भीमताल स्थित बबियाड़ के पास स्थित दुदुली गांव के रहने वाले थे।

इस रूट पर कुछ समय पहले रोडवेज ने बस सेवा शुरू की थी, लेकिन सड़क छोटी और खस्ताहाल होने की वजह से बस सेवा को बंद कर दिया गया। तीनों युवक शराब पीने के बाद इस रूट पर दोबारा बस सेवा शुरू करने की मांग करने लगे और जब बात नहीं बनी तो बस को अपने साथ दुदुली ले जाने पर अड़ गए। बस अड्डे के कर्मचारियों ने समझा-बुझा कर उन्हें एक कमरे में बैठाया और फिर बाहर से कुंडा लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को कोतवाली लेकर पहुंची तो नशा काफूर हो गया। बाद में उन्होंने लिखित में माफी मांगी। एसएसआई विजय मेहता ने बताया कि तीनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। 

संबंधित समाचार