राहुल गांधी ने आइजोल में की स्कूटर टैक्सी की सवारी, यातायात संबंधी अनुशासन की सराहना की
आइजोल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मिजोरम की राजधानी आइजोल में एक स्कूटर टैक्सी पर सवारी की और शहर में यातायात संबंधी अनुशासन की सराहना की। मिजोरम के दो दिवसीय चुनावी दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला से जरकावत क्षेत्र में उनके आवास पर मुलाकात की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख लालरेमरूता रेंथली ने बताया कि ललथनहवला के आवास से लौटते समय राहुल गांधी ने दोपहिया वाहन वाली टैक्सी ली और स्कूटर पर पीछे बैठे। उनके मुताबिक, कांग्रेस नेता ने राज्य के यातायात संबंधी अनुशासन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि ‘एक-दूसरे का सम्मान करने की इस संस्कृति से बहुत कुछ सीखने को मिलता है।’
मिजोरम के यातायात अनुशासन की पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द सहित कई प्रतिष्ठित लोगों ने अतीत में सराहना की है। इस यातायात अनुशासन ने आइजोल को भारत के 'साइलेंट सिटी' या 'नो हॉन्किंग सिटी' का खिताब दिलाया है।
यह भी पढ़ें- RBI ने ICICI-Kotak Mahindra बैंक पर लगाया जुर्माना, जानिए वजह
