BJP के दलित सम्मेलन पर सपा का हमला, कहा- आपका आरक्षण छीन रही भाजपा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2024 लोकसभा चुनाव से पहले तैयारियां शुरू कर दी हैं। बीजेपी ने दलित वोटर्स में अपनी पकड़ बनाने के लिए 17 अक्टूबर यानी आज से दलित सम्मेलन की शुरूआत कर दी है। ऐसे में बीजेपी दलित सम्मेलन के जरिए लोकसभा चुनाव में यूपी के दलित वोटर्स को लुभाने की कोशिश करेगी।
वहीं बीजेपी के दलित सम्मेलन को लेकर समाजवादी पार्टी ने हमला बोलते हुए कहा कि दलित सम्मेलन में बीजेपी दलितों से आखिर बताएगी क्या, कि आपका आरक्षण और आपका हक छीन रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के दलित सम्मेलन को लेकर सपा प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दलित सम्मेलन कर रही है अच्छी बात है। लोकतंत्र में सबको सबके बीच जाने का हक और अधिकार है।
लेकिन भारतीय जनता पार्टी से जानना चाहते है कि जब आप दलित सम्मेलन में दलितों के बीच जाएंगे तो क्या कहेंगे कि हम आपका आरक्षण छीन रहे हैं। आपका हक छीन रहे हैं। आपके बच्चों को बारात में घोड़ी नहीं चढ़ने देते हैं। आपको मंदिर नहीं जाने देते हैं। उन्होंने कहा कि दलित सम्मेलन में बीजेपी आखिर क्या बताएगी कि जिसपर उनकी सबसे ज्यादा आस्था है वो संविधान खत्म करने की साजिश कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी दलितों के बीच जाकर उनसे बताएगी क्या ये एक बड़ा सवाल है।
ये भी पढ़ें -Allahabad university में छात्र को परिसर में आने से रोका, जमकर हुआ हंगामा
