काशीपुर: दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री पंडित एनडी तिवारी की जयंती आज, भावपूर्ण किया गया याद
काशीपुर, अमृत विचार। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर शहर में द्रोणासागर रोड स्थित एससी गुड़िया नवचेतना भवन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी की जयंती के अवसर पर उन्हें याद किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि के दौर पर उपस्थित हुए उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उनकी स्मृति में पुस्तकालय की स्थापना के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं इस अवसर पर पंडित एनडी तिवारी की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
जिसका उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जसपुर विधायक आदेश चौहान, मेयर ऊषा चौधरी और आयोजिका विमला गुड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर आयकर अधिकारी गीता टंडन कपूर को पंडित एनडी तिवारी स्मृति अवार्ड दिया गया।
जिसको उनकी मां छाया टंडन और भाई पंकज टंडन ने ग्रहण किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि एनडी तिवारी की दूरगामी सोच के चलते आज काशीपुर समेत पूरे उत्तराखंड में विकास के आधारभूत काम किए गए हैं। उनकी जैसी सोच के नेता बिरले ही होते हैं।
वहीं मेयर ऊषा चौधरी ने कहा कि पंडित नारायण दत्त तिवारी की प्रतिमा जयपुर, राजस्थान में तैयार हो रही है। जल्द ही उनकी एक प्रतिमा काशीपुर में स्थापित की जाएगी। वहीं कांग्रेस नेता संदीप सहगल ने नवचेतना भवन परिसर में पंडित तिवारी की एक प्रतिमा लगवाने की बात कही।
