आगरा: बिजली चोरी के मामले में रिश्वत मांगने पर JE समेत पांच लोगों पर दर्ज हुआ केस, दो जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार
आगरा। जिले में एक खबर से हड़कंप मचा हुआ है। इरादतनगर के गांव मितिहा में एक किसान से घूस लेने के मामले में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी अमित किशोर ने पांच कर्मचारियों पर केस दर्ज कराया है। बिजली चोरी के मामले में रिश्वत लेने पर जिले के दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने दो इंजीनियर, दरोगा समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने दोनों जूनियर इंजीनियर को अरेस्ट भी कर लिया है। वहीं विजिलेंस कर्मियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि इन सभी ने किसान से बिजली चोरी में छूट के एवज में 80 हजार रुपये की घूस मांगी थी। डीवीवीएनएल के MD से मितिहा गांव के किसान मनोज त्यागी ने शिकायत की थी कि उन्हें नए मकान का कनेक्शन नहीं मिला। वह ट्यूबवेल की लाइन से घर की बिजली जला रहा था।
मंगलवार को मितिठा के प्रभारी जूनियर इंजीनियर सौरभ कुमार और बृथला के जेई ह्रदय कुमार विजिलेंस के दो दरोगा और और एक सिपाही के साथ आए थे। उन्होंने बिजली चोरी के मामले में केस न कराने और मामला रफादफा करने के लिए 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
किसान ने एमडी को बताया कि इन लोगों ने 35 हजार रुपये आगरा में शाहजहां गार्डन में बुला कर ले लिए। जिसके बाद एमडी अमित किशोर नाराज हुए और एमडी अमित किशोर के निर्देश पर तुरंत एक टीम गठित की गई। जिसके बाद प्रवर्तन कार्यालय पर छापा मारकर दोनों जेई को गिरफ्तार किया गया।
उनके पास से फर्जी रिपोर्ट और मौके पर चोरी पकड़े जाने का वीडियो भी बरामद हो गया। इसके साथ ही रिश्वत के 35 हजार रुपये भी मिले हैं। इस मामले में दक्षिणांचल की ओर से कमला नगर थाने में दोनों जेई, दरोगा और सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए डीवीवीएनएल एमडी अमित किशोर ने बताया कि इन लोगों ने जानबूझकर रिपोर्ट पोर्टल पर नहीं दी। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान बिजली चोरी पकड़ने पर पोर्टल पर रिपोर्ट देनी चाहिए थी और 24 घंटे में केस दर्ज होना चाहिये था, लेकिन जानबूझकर रिपोर्ट पोर्टल पर नहीं दी। इस मामले में पुलिस में केस दर्ज कराया दिया गया है।
यह भी पढ़ें: काबिले तारीफ: वाराणसी में 13 वर्षीय छात्र ने यूट्यूब पर देखकर बनाई मां की भव्य प्रतिमा
