कानपुर मेडिकल कॉलेज की अमृत डाइट को अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट, GSVM मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने इन बच्चों के लिए की थी शोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर मेडिकल कॉलेज की अमृत डाइट को अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट।

कानपुर मेडिकल कॉलेज की अमृत डाइट को अंतर्राष्ट्रीय पेटेंट। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने अतिकुपोषित व कुपोषित बच्चों को स्वस्थ बनाने के लिए शोध की थी।

कानपुर, अमृत विचार। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के साथ शहर और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अतिकुपोषित व कुपोषित बच्चों को पोषित बनाने के लिए कॉलेज ने ‘अमृत डाइट’ तैयार की थी। इसे अंतराष्ट्रीय पेटेंट मिला है। डॉक्टरों के मुताबिक इस डाइट का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। 
कुपोषित बच्चों को अभी तक विटामिन, कैल्शियम और आयरन की दवा देकर पोषित करने का प्रयास किया जाता है।

यह दवा किस बच्चे को कितना फायदा करती है, इसका अंदाजा लगाना डॉक्टरों के लिए थोड़ा मुश्किल होता है। अतिकुपोषित व कुपोषित बच्चे जल्द स्वस्थ हो सकें, इसके लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के प्रो. यशवंत राव ने एक डाइट तैयार की है। इसमें मूंगफली, भुना चना, दूध का पाउडर, देशी गुड़ और घी के मिश्रण का एक पाउडर बनाया गया है।

यह पाउडर पिछले डेढ़ साल में 12 सौ अतिकुपोषित बच्चों को दिया गया। परिणाम आश्चर्यजनक आए। प्रो. यशवंत राव ने मुताबिक अधिकतर बच्चों के वजन में दो माह बाद अंतर आया तो अन्य पर तीसरे माह से  फर्क दिखने लगा। करीब 80 फीसद बच्चों में यह डाइट दो माह में ही कारगर दिखी।   अमृत डाइट को घर में बनाया जा सकता है।

कुपोषित बच्चों की संख्या ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा है, वहां  इसकी सामग्री आसानी से उपलब्ध हो जाती है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रो.यशवंत राव के इस शोध को कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने एक साल पहले पेटेंट के लिए भेजा था। रिपब्लिक ऑफ साउथ अफ्रीका ने अब शोध पेटेंट कर दिया है। प्राचार्य प्रो. संजय काला के मुताबिक अंतराष्ट्रीय पेंटेंट मिलना बड़ी उपलब्धि है। 

डीएम रहीं रोशन जैकेब ने दिया था अमृत नाम 

प्रो. यशवंत राव ने बताया कि उन्होंने इस शोध के बारे में शहर की तत्कालीन जिलाधिकारी रोशन जैकेब से चर्चा की थी। उन्होंने इस डाइट के परिणाम देखकर काफी खुशी जाहिर की थी। उन्होंने ही इसे अमृत डाइट नाम दिया था।  

ऐसे बनाएं घर पर अमृत डाइट 

250 ग्राम मूंगफली, 300 ग्राम भुना चना व 250 दूध पाउडर को मिलाकर पीस लें। इसके बाद इसमें दो ग्राम चीनी और दो ग्राम काला देशी गुड़ मिलाएं फिर 150 ग्राम देशी घी को हल्की आंच में गर्म करके उसमें सारी सामग्री मिलाएं। इस मिश्रण के छोटे-छोटे लड्डू बनाकर बच्चे को खाने के लिए दें।
   

संबंधित समाचार