बरेली: मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को नहीं किया गिरफ्तार, पीड़ित पक्ष ने एसएसपी और सीएम से लगाई गुहार
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। एक माह पूर्व सातवीं की छात्रा को क्लास रूम में बंद कर शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में एसएसपी बरेली व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए गुहार लगाई है।
बताते चलें कि 17 सितंबर को थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक नरेश पाल गंगवार के विरुद्ध सीबीगंज थाने में पास्को एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। छात्रा के पिता का आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को टेस्ट परीक्षा के बाद अकेले कमरे में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की। शोर-शराबा करने पर जाति सूचक शब्दों के साथ उसे जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना के बाद डरी सहमी छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। अब इस मामले मे मुकदमा दर्ज होने के बाद पीड़ित छात्रा के 61 व 64 आईपीसी के बयान भी दर्ज हो चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी पुलिस आरोपी शिक्षक पर मेहरबान होती दिख रही है। जिसने अभी तक फरार आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा। इस मामले को लेकर पीड़ित पिता एसएसपी बरेली व मुख्यमंत्री भारत सरकार से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की गुहार लगा चुका है। छात्र का परिवार डरा सहमा हुआ है। कि कहीं उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी ना हो जाए।
आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कोर्ट से वारंट जारी हो चुका है। जल्द ही कुर्की की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।- राजकुमार मिश्रा, सीओ सेकंड
ये भी पढे़ं- बरेली: 10 साल तक की कन्याओं का ही करें पूजन, जानिए क्या देने चाहिए उपहार?
