बरेली: बड़ों पर करम छोटों पर सितम, एफएसडीए ये जुल्म न कर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खाद्य सुरक्षा के नाम पर छह दिन से चल रहा अभियान सिर्फ छोटे दुकानदारों तक सीमित

बरेली, अमृत विचार। त्योहार पर मिलावटखोरों पर लगाम कसने के लिए छह दिन से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमें अभियान चलाकर सैंपल ले रही हैं। इस अभियान में टीमें सिर्फ छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई कर रहीं हैं और बड़े दुकानदारों से किनारा कर रखा है। इसकी वजह से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: गेहूं की MSP में 150 रुपये की बढ़ोत्तरी किसानों के लिए नाकाफी, बोले- जिस तरह बढ़ी महंगाई, उस हिसाब से कम

टीमों ने पिछले छह दिन के अंदर लगभग 40 जगह खाद्य पदार्थों के सैंपल लिये। इनमें मिठाई, परचून दुकानदार, दूध विक्रेता आदि शामिल हैं। सभी कार्रवाई छोटे दुकानदारों पर की गई हैं। जबकि शहर से लेकर देहात तक कई नामी मिष्ठान भंडार और किराना व्यापारी हैं।

इन पर कार्रवाई के सवाल पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है अगर कोई शिकायत होगी तो कार्रवाई की जाएगी। सवाल खड़ा होता है कि अब तक जितनी सैंपलिंग की जा रही हैं, वो औचक छापामारी के तहत हैं। ऐसे में बड़े दुकानदारों के यहां सैंपल लेने के लिए शिकायत के इंतजार में बैठे अधिकारियों की मंशा पर भी सवाल खड़े होते हैं।

43 किलो सरसों तेल किया जब्त
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में एफएसडीए की टीमों ने शुक्रवार को अलग-अलग इलाकों से कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अपूर्व श्रीवास्तव ने बताया कि फरीदपुर से सरसों के तेल का एक नमूना लेने के साथ करीब 43 किलोग्राम सरसों के तेल के टीन अनुमानित कीमत 7800 रुपये को जब्त किया गया।

वहीं किराना स्टोर सदर बाजार से घी का एक, मिष्ठान भंडार सदर बाजार से बर्फी का एक, आईवीआरआई के पास दुकान से सेंधा नमक का एक, कटरा चांद खां से सेंधा नमक का एक, मढ़ीनाथ में डेयरी से मिश्रित दूध का एक, जाफराबाद आंवला से मिश्रित दूध का एक नमूना लिया गया। नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।

त्योहार के चलते सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। दिवाली पर भी अभियान चलाया जाएगा। सभी जगह बराबरी से कार्रवाई की जाती है। अगर कहीं से शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई होगी---अपूर्व श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय, एफएसडीए।

यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रक ड्राइवर ने बेटी से किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज... आरोपी फरार

 

संबंधित समाचार