बरेली: महिला अस्पताल से मिला स्टाफ, जल्द 300 बेड अस्पताल में भर्ती होंगे डेंगू मरीज
सप्ताह भर बाद सीएमओ ने जारी किया दूसरा आदेश, महिला अस्पताल से मिलेंगी तीन स्टाफ नर्स
बरेली, अमृत विचार। बुखार और डेंगू के प्रकोप के बीच स्वास्थ्य सेवाएं चुस्त-दुरुस्त होने के दावों की भी धज्जियां उड़ गई हैं। हालत यह है कि तीन सौ बेड अस्पताल में पहले 50 बेड का डेंगू वार्ड बनाने का आदेश दिया गया था लेकिन स्टाफ का बंदोबस्त न होने के कारण अब सिर्फ 10 बेड का वार्ड दूसरा आदेश जारी किया गया है। जिला महिला अस्पताल की तीन स्टाफ नर्स को इस डेंगू वार्ड में तैनात करने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी हुआ कुछ नहीं है।
वैसे तो स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में अभी जिले में करीब पांच सौ ही डेंगू के मरीज हैं लेकिन फिर भी हाल यह है कि कई सालों में पहली बार जिला अस्पताल में तीन डेंगू वार्ड बनाए गए हैं जिनमें सभी 42 बेड काफी समय से मरीजों से भरे हुए हैं। नए मरीजों को यहां बेड नहीं मिल रहे हैं।
करीब सप्ताह भर पहले डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने तीन सौ बेड अस्पताल में 50 बेड का डेंगू वार्ड बनाने का आदेश दिया था। इसके बाद डेंगू वार्ड तो बन गया लेकिन इसके लिए स्टाफ का ही बंदोबस्त नहीं हो पाए। इस वजह से इस वार्ड में कोई मरीज भी भर्ती नहीं किया जा सका।
अब सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने तीन सौ बेड अस्पताल में 50 के बजाय 10 बेड का डेंगू वार्ड बनाने का दूसरा आदेश जारी किया है। इस वार्ड में जिला महिला अस्पताल की तीन स्टाफ वार्ड में तैनात की जाएंगी जिसके लिए महिला अस्पताल प्रशासन ने अनुमति दे दी है।
कहा जा रहा है कि जल्द ही तीन सौ बेड अस्पताल में भी मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया जाएगा। इस बीच शुक्रवार को सीएमओ ने जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। यहां सभी बेडों पर मच्छरदानी लगी पाई गईं। जिला अस्पताल की एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा भी निरीक्षण के दौरान साथ थीं।
यह भी पढ़ें- बरेली: देहात में डेंगू का आतंक, पांच मरीजों की मौत
